पहलगाम में आतंकी हमले के बाद UP में हाई अलर्ट, DGP ने जारी किए ये निर्देश

Sandesh Wahak Digital Desk: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में मंगलवार को हुए आतंकवादी हमले के बाद उत्तर प्रदेश सरकार ने पूरे राज्य में हाई अलर्ट जारी कर दिया है। प्रदेश के पुलिस प्रमुख (डीजीपी) ने सभी पुलिस बलों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं, विशेष रूप से धार्मिक और पर्यटन स्थलों पर। इसके साथ ही संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की जांच करने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा उपायों की सलाह दी गई है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को पैदल गश्त करने की भी हिदायत दी गई है।

निर्देशों के मद्देनजर लखनऊ में एयरपोर्ट, स्टेशन, बस अड्डों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। एयरपोर्ट पर यात्रियों की गहन चेकिंग शुरू हो गई है। साथ ही चारबाग रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। यात्रियों की मेटल डिटेक्टर से जांच की जा रही है। जीआरपी और आरपीएफ टीमें सतर्क है। साथ ही सीसीटीवी से मॉनिटरिंग तेज कर दी गई है। आतंकी गतिविधियों की आशंका को देखते हुए बड़ा एक्शन लिया गया है।

सीएम योगी आदित्यनाथ ने किया कड़ा विरोध

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस हमले को ‘कायरतापूर्ण’ और ‘निंदनीय’ करार दिया। उन्होंने ट्विटर (अब ‘एक्स’) पर लिखा, “जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुआ आतंकी हमला कायरतापूर्ण, अक्षम्य और घोर निंदनीय है। इस दर्दनाक घटना में जान गंवाने वालों के परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदना है।” उन्होंने भगवान श्रीराम से दिवंगत आत्माओं की शांति और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना की।

अखिलेश यादव और मायावती ने भी जताया दुख

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इस हमले को ‘हृदय विदारक’ बताते हुए कहा, “जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकी हमले की भयावह तस्वीरें दिल दहला देने वाली हैं। यह हमला हर दृष्टिकोण से निंदनीय है। घायलों के इलाज के लिए देश की सबसे अच्छी चिकित्सा सेवाएं और सुविधाएं तत्काल सुनिश्चित की जाएं। केंद्र सरकार को सबसे पहले सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करना चाहिए ताकि स्थानीय निवासियों और पर्यटकों का जीवन सुरक्षित रह सके।”

बहुजन समाज पार्टी की प्रमुख मायावती ने भी इस घटना पर शोक व्यक्त करते हुए कहा, “जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में पर्यटकों पर हुए आतंकी हमले में अनेकों लोगों की मृत्यु और घायल होने की घटना अति दुखद, निंदनीय और चिंतनीय है। पीड़ित परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदना है। सरकार को इस घटना को गंभीरता से लेकर सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।”

पहलगाम आतंकी हमला: 26 मौतें, दो विदेशी नागरिक भी शामिल

कश्मीर के पहलगाम स्थित ‘मिनी स्विट्ज़रलैंड’ नामक प्रसिद्ध पर्यटन स्थल पर मंगलवार दोपहर हुए आतंकी हमले में कम से कम 26 लोगों की मौत हो गई, जिनमें अधिकांश पर्यटक शामिल हैं। इस हमले को 2019 में पुलवामा में हुए हमले के बाद घाटी में हुआ सबसे घातक हमला माना जा रहा है। एक उच्च पदस्थ अधिकारी के मुताबिक, मृतकों में दो विदेशी और दो स्थानीय निवासी भी शामिल हैं। हमले की कड़ी निंदा करते हुए राज्य और केंद्र सरकार ने इसे गंभीरता से लिया है और जांच शुरू कर दी है।

Also Read: Pahalgam Terror Attack: पहलगाम पहुंची NIA की टीम, गृह मंत्री अमित शाह ने मृतकों को…

Get real time updates directly on you device, subscribe now.