बिना थके, बिना रुके, बिना डिगे, निरंतर जारी रहेगी यूपी की सफल यात्राः CM योगी
Sandesh Wahak Digital Desk: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों को आश्वस्त किया है कि उत्तर प्रदेश सरकार ने विगत 8 वर्ष में प्रधानमंत्री मोदी के विजन के अनुरूप मजबूती के साथ सफलता की ओर कदम बढ़ाए हैं। बिना रुके, बिना थके, बिना डिगे यह यात्रा अनवरत जारी रहेगी।
उत्तर प्रदेश में है एक्सप्रेसवे का सबसे बड़ा नेटवर्क
सीएम योगी ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश में एक्सप्रेसवे का सबसे बड़ा नेटवर्क है। सर्वाधिक मेट्रो का संचालन उत्तर प्रदेश कर रहा है। रेलवे का सबसे बड़ा नेटवर्क यूपी के पास है। देश की पहली रैपिड रेल यूपी में चल रही है और देश का पहला इनलैंड वॉटरवेज यूपी में है।
भारत सरकार द्वारा संचालित 45 से अधिक स्कीम को उत्तर प्रदेश लीड करता है। यह नए भारत का नया उत्तर प्रदेश है और नया उत्तर प्रदेश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन को जमीनी धरातल पर उतार कर अपने सामर्थ्य को देशवासियों के सामने रख रहा है।
एक निजी टीवी चैनल के कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश जो 2017 में सातवीं अर्थव्यवस्था था, आज देश की नंबर दो अर्थव्यवस्था बन चुका है। 1 ट्रिलियन डॉलर इकोनामी बनने के लिए उत्तर प्रदेश ने जो कदम बढ़ाए हैं उसको आगे बढ़ाते हुए हम मानकर चलते हैं कि 2029 में उत्तर प्रदेश वन ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी बनेगा और उत्तर प्रदेश देश की अग्रणी अर्थव्यवस्था के रूप में अपने आप को स्थापित करेगा।
2014 से पहले पहचान के संकट से जूझ रहा था प्रदेश
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश भारत की आबादी का सबसे बड़ा राज्य है और देश का हृदय स्थल भी है। भारत की आत्मा उत्तर प्रदेश में निवास करती है, लेकिन जिन लोगों का एजेंडा विकास नहीं था, जिन लोगों ने उत्तर प्रदेश की इस आत्मा को पहचानने का कभी प्रयास नहीं किया वह लोग उत्तर प्रदेश के बारे में अपने एजेंडे को जबरन उत्तर प्रदेश पर थोपते थे।
इसके चलते उत्तर प्रदेश जो व्यापक संभावनाओं वाला प्रदेश था वह 2014 के पहले पहचान के संकट से गुजर रहा था। 2017 से पहले सत्ता का संचालन करने वाले लोग चाहते ही नहीं थे कि उत्तर प्रदेश का कुछ हो। वह हर एक मामले में स्कीम को फेल करने में अपनी पूरी ताकत लगा देते थे। केंद्र में जो स्कीम बनती थी वह उत्तर प्रदेश में आकर फेल हो जाती थी।
लोगों को जातीय खेमों में नहीं बांटते
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 में जब प्रधानमंत्री मोदी जी के आह्वान पर उत्तर प्रदेश वासियों ने भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में मतदान किया और नई सरकार का गठन किया तब से प्रदेश की सफलता की यह यात्रा जारी है।
उन्होंने कहा हमारी सरकार उत्तर प्रदेश में 56 लाख गरीबों के लिए एक-एक आवास बना चुकी है। यह जो गरीब हैं उनमें दलित, पिछड़े, अल्पसंख्यक और अन्य जातियों के लोग भी हैं। हम उनको जातीय खेमों में नहीं बांटते। हमारे लिए वह हमारा नागरिक है और उसकी खुशहाली हमारी खुशहाली है। इस भाव के साथ प्रधानमंत्री मोदी जी के सबका साथ सबका विकास के मंत्र को लेकर हमने काम किया।
इसके चलते लोगों के मन में विश्वास पैदा हुआ, जिसका परिणाम है कि हर सेक्टर में बदलाव देखने को मिल रहा है।
स्वाभिमान का प्रतीक है ओडीओपी
सीएम ने कहा कि पिछली सरकारों की उपेक्षा के कारण उत्तर प्रदेश में एमएसएमई सेक्टर बंद सा हो गया था। हमने 2018 में उत्तर प्रदेश के परंपरागत उत्पादों को वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट के रूप में पहचान दी। आज पूरे देश के अंदर वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट छाया हुआ है। यह स्वदेशी और स्वाभिमान का प्रतीक बन चुका है।
दंगा मुक्त, माफिया मुक्त हुआ उत्तर प्रदेश
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले दिन से सरकार ने तय किया कि अपराध और अपराधियों के प्रति, भ्रष्टाचार और भ्रष्टाचारियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत काम करेगी। आज परिणाम सबके सामने है। हर व्यक्ति आज अपने आप को सुरक्षित महसूस करता है और 2017 से पहले पर्व और त्यौहारों पर भय का माहौल होता था। आज पर्व और त्योहार किसी भी समुदाय का हो बहुत शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न होता है। प्रदेश दंगा मुक्त हुआ, सुरक्षा का एक बेहतरीन वातावरण बना तो देखते ही देखते देश और दुनिया के यात्री और पर्यटक उत्तर प्रदेश की ओर उमड़ पड़ा।
जिस उत्तर प्रदेश में 2017 के पहले वर्ष भर में मात्र लाखों की संख्या में पर्यटक आते थे, वहीं आज यह संख्या करोड़ों में पहुंच रही है। महाकुम्भ में ही 66 करोड़ से अधिक श्रद्धालु उत्तर प्रदेश आए। इस वर्ष आंकलन करेंगे तो प्रदेश में पर्यटकों की संख्या 100 करोड़ के ऊपर पहुंचेगी।
टूरिज्म का ड्रीम डेस्टिनेशन बना यूपी
उन्होंने कहा कि स्पिरिचु्अल टूरिज्म व्यापक रोजगार का सृजन करता है तो इकोनॉमी को नई गति भी देता है। आस्था और आर्थिक का यह अद्भुत संबंध महाकुंभ में देखने को मिला है।
आज उत्तर प्रदेश में पिछले 8 वर्ष के अंदर डबल इंजन की सरकार ने जो कार्य प्रारंभ किया है उसका परमाण है कि आज यूपी माफिया मुक्त भी है, दंगा मुक्त भी है, गुंडा मुक्त भी है, अपराध मुक्त भी है। देश के अंदर टूरिज्म के ड्रीम डेस्टिनेशन के रूप में उत्तर प्रदेश ने अपने आप को स्थापित किया है तो निवेश के लिए भी सबसे इन्वेस्टमेंट फ्रेंडली के रूप में उत्तर प्रदेश आज जाना जाता है।
निवेशकों का यूपी पर बढ़ा विश्वास
सीएम ने कहा कि 2017 के पहले इनवेस्टर्स समिट प्रदेश के लिए एक सपना थी। हमने इसे अमली जामा पहनाया। पहले इन्वेस्टर समिट में हमें 4,67,000 करोड़ का प्रस्ताव प्राप्त हुआ और 2023 में हमें 40 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए। इन्वेस्टमेंट के सबसे अच्छे डेस्टिनेशन के रूप में आज उत्तर प्रदेश जाना जा रहा है। यह सब प्रयास करने से होता है।
2017 से पहले सरकारों की सोच जातिवादी और कार्य परिवारवादी
उन्होंने कहा कि यह संभावनाएं 2017 में भी थीं, लेकिन दूसरी सरकारों का एजेंडा संकीर्ण था। उनके एजेंडे सीमित दायरे में थे। उनकी सोच जातिवादी थी और कार्य परिवारवादी थे। वह परिवार से बाहर देख नहीं सकते थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज प्रदेश के किसी भी शहर में जाएंगे तो आपको 2017 के पहले और आज के उत्तर प्रदेश में अंतर साफ दिखाई देगा। कूड़े के ढेर पूरी तरह समाप्त हो चुके हैं। हर शहर और गांव में स्वच्छता के लिए प्रतिस्पर्द्धा प्रारंभ हुई है। इसका नतीजा ये हुआ है कि नारी की गरिमा की भी रक्षा हुई है, हर गरीब के घर में शौचालय आ गया है और इंसेफेलाइटिस और मलेरिया जैसी बीमारियों को नियंत्रित करने में सफलता प्राप्त हुई है।

