जब हम चाहेंगे तब…साक्षी महाराज को लेकर क्या बोले अखिलेश यादव?
Sandesh Wahak Digital Desk: समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने देशभर में 7 मई को होने वाले मॉक ड्रिल पर केंद्र सरकार का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि आतंकी हमलों के खतरे को देखते हुए पूरे विपक्ष ने यह स्पष्ट कर दिया है कि इस विषय पर सरकार जो भी फैसला लेगी, विपक्ष उसके साथ खड़ा रहेगा।
अखिलेश यादव ने कहा अब तो मॉक ड्रिल होने वाली है। लाइट-वाइट जो भी बंद करनी होगी, कीजिए। सरकार की तरफ से जो कहा जाए, उसे सभी लोग मानें।
गौरतलब है कि भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के मद्देनजर केंद्रीय गृह मंत्रालय ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को निर्देश दिया है कि 7 मई को मॉक ड्रिल आयोजित की जाए। उत्तर प्रदेश के 17 जिलों में इस मॉक ड्रिल का आयोजन होगा। अखिलेश यादव ने इस दौरान एक सवाल के जवाब में कहा कि केंद्र सरकार लखनऊ स्थित जेपीएनआईसी (जेपी नेहरू इंटरनेशनल सेंटर) को बेचने की योजना बना रही है, और समाजवादी पार्टी उसे खरीदना चाहती है।
साक्षी महाराज पर बयान
भाजपा सांसद साक्षी महाराज के बारे में पूछे जाने पर सपा प्रमुख ने कहा, “जब हम चाहेंगे, तब साक्षी महाराज समाजवादी पार्टी में आ जाएंगे।”
इसके अलावा सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने आगरा में हुए एनकाउंटर पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि उन्हें सुबह अमन यादव नामक व्यक्ति के एनकाउंटर की जानकारी मिली। अखिलेश का आरोप है कि यह एक फर्जी एनकाउंटर था और सरकार ने जानबूझकर गलत नाम जारी किया। उन्होंने कहा पार्टी के एक कार्यकर्ता का फोन आया और बताया कि जिस व्यक्ति का एनकाउंटर हुआ, उसका नाम गलत बताया गया है। इससे साफ है कि कुछ न कुछ छिपाया जा रहा है।
‘समाजवादी मजदूर संगठन’ की घोषणा
देश की अर्थव्यवस्था को लेकर चिंता जताते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि मजदूरों के सम्मान को बढ़ाए बिना देश प्रगति नहीं कर सकता। इसी सिलसिले में उन्होंने ‘समाजवादी मजदूर संगठन’ (SMS) के गठन की बात कही। उन्होंने कहा भविष्य में समाजवादी पार्टी की लड़ाई में समाजवादी मजदूर संगठन का बड़ा योगदान होगा। इसका नाम भी आसान है – एसएमएस।
Also Read: UP News: तबादला नीति 2025-26 को कैबिनेट की मंजूरी, 15 मई से इस तारीख तक लागू रहेगी पॉलिसी

