Lucknow: महिला अधिवक्ता पर एसिड अटैक की कोशिश, मौके पर ही पकड़ा गया आरोपी

Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ में शनिवार दोपहर एक सनसनीखेज घटना सामने आई जब तुलसी पुलिस चौकी के पास स्थित एक चैंबर में घुसकर एक युवक ने महिला अधिवक्ता पर एसिड अटैक का प्रयास किया। घटना के दौरान साथी अधिवक्ताओं की तत्परता से आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया गया और पुलिस के हवाले कर दिया गया।

घटना की शिकार 26 वर्षीय अधिवक्ता मूलतः बिजनौर थाना क्षेत्र की निवासी हैं। उन्होंने बताया कि आरोपी शीलू निषाद, निवासी औरेया, पिछले एक वर्ष से उन्हें लगातार परेशान कर रहा था। इस दौरान उसने कई बार दुष्कर्म और एसिड अटैक की धमकी भी दी थी। पीड़िता ने आरोपी के खिलाफ पहले भी शिकायत दर्ज कराई थी।

मिली जानकारी के अनुसार शनिवार दोपहर लगभग 2:30 बजे, पीड़िता अपने चैंबर में एक महिला साथी और जूनियर अधिवक्ता आशुतोष के साथ मौजूद थीं। तभी आरोपी शीलू निषाद अचानक अंदर घुस आया और अपने झोले से एसिड की शीशी निकालकर हमला करने की धमकी देने लगा। इसी दौरान चैंबर में मौजूद अधिवक्ता ने आरोपी को दबोच लिया और पीड़िता की चीख-पुकार सुनकर आस-पास के अधिवक्ता भी मौके पर पहुँच गए। भीड़ ने आरोपी की पिटाई कर दी और बाद में उसे पुलिस को सौंप दिया।

पुलिस ने किया गिरफ्तार, टॉयलेट क्लीनर एसिड बरामद

हजरतगंज पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर कोतवाली ले गई। इंस्पेक्टर विक्रम सिंह ने बताया कि आरोपी के पास से टॉयलेट क्लीनर एसिड की दो शीशियां और एक प्लास्टिक डिब्बा बरामद किया गया है। आरोपी शीलू के खिलाफ पीड़िता की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच जारी है।

पीड़िता ने बताया कि आरोपी के खिलाफ उन्होंने 30 सितंबर 2024 को बिजनौर थाने में एक रिपोर्ट दर्ज कराई थी, जिसमें आरोप था कि शीलू ने एक फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट बनाकर उनकी और उनकी सहेली की तस्वीरों व नंबरों के साथ अश्लील सामग्री पोस्ट की थी। वह बार-बार अलग-अलग नंबरों से फोन कर सामूहिक दुष्कर्म की धमकी देता था।

पीड़िता के अनुसार, आरोपी गैंगस्टर एक्ट के तहत छह महीने तक जेल में बंद था और एक माह पूर्व ही रिहा होकर बाहर आया था। जेल से छूटने के बाद से ही वह दोबारा उन्हें और उनकी सहेली को परेशान कर रहा था।

Also Read: मुरादाबाद में बड़ा रेल हादसा टला, रामगंगा पुल पर दो हिस्सों में बंटी मालगाड़ी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.