Bareilly: नशा तस्करी पर पुलिस का शिकंजा, बाइक और पिकअप के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार
Sandesh Wahak Digital Desk: बरेली जनपद के थाना आंवला क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना आंवला पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग स्थानों से तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से कुल 45 किलो 840 ग्राम डोडा छिलका पोस्त, एक मोटरसाइकिल, एक पिकअप वाहन तथा तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
थाना प्रभारी आंवला के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा ग्राम भूरीपुर के पास चेकिंग व दबिश के दौरान दो अभियुक्तों जोगिन्दर पुत्र पृथ्वी राज और श्रीपाल पुत्र नेतराम को गिरफ्तार किया गया। इन दोनों के कब्जे से एक प्लास्टिक कट्टे में रखा 25 किलो 380 ग्राम डोडा छिलका पोस्त, एक मोटरसाइकिल बुलेट (UP 25 DW 6149) और दो मोबाइल फोन (Tecno व Samsung Android) बरामद किए गए। इस संबंध में थाना आंवला पर मु.अ.सं. 300/25, धारा 8/15 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया है।
वहीं दूसरी ओर, ग्राम ढिलवारी में की गई दबिश में तीसरे अभियुक्त वेदप्रकाश उर्फ दरोगा को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से दो प्लास्टिक के कट्टों में कुल 20 किलो 460 ग्राम डोडा छिलका पोस्त (क्रमशः 10 किलो 150 ग्राम व 10 किलो 310 ग्राम), एक पिकअप वाहन (UP 25 GT 3942) तथा एक Oppo मोबाइल फोन बरामद किया गया। इसके विरुद्ध मु.अ.सं. 301/25, धारा 8/15 एनडीपीएस एक्ट, थाना आंवला में मामला दर्ज किया गया है।
Also Read: Lucknow News: नशे में धुत युवक ने दरोगा से की बदसलूकी, वर्दी उतरवाने की दी धमकी

