जौनपुर जिले का बदला जाएगा नाम? इस मुस्लिम नेता ने सीएम योगी को लिखी चिट्ठी

Jaunpur News: देश के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश में एक और जिले का नाम बदला जा सकता है.

Shamsi Azad
भाजपा नेता शम्सी आजाद

दरअसल, राज्य में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी के नेता शम्सी आजाद ने इस संदर्भ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भेजा है.

अपने पत्र में उन्होंने ऐतिहासिक तथ्यों का उल्लेख करते हुए जिले का नाम बदलने की मांग की है. उन्होंने अपने पत्र में जिले को परशुराम की कर्मभूमि बताकर ‘महर्षि जमदग्नि’ या ‘माता रेणुका’ के नामकरण की अपील की है.

सीएम को भेजे पत्र में आजाद ने लिखा है, ”उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले का इतिहास बहुत पुराना और गौरवशाली है. इसका अपना पौराणिक महत्व भी है.

जौनपुर जिले का नाम पहले पवनपुर था जिसे बाद में फिरोज शाह तुगलक के चचेरे भाई मोहम्मद तुगलक उर्फ जौना खान के नाम पर है जौनपुर कर दिया गया.”

उन्होंने लिखा कि जौनपुर का संबंध महर्षि दधीचि से भी है. उनके द्वारा दान की गई अस्थियां इस शहर के इतिहास का एक महत्वपूर्ण हिस्सा हैं. यहां दधीचि कुंड आज भी स्थित है. जहां लोग महर्षि दधीचि के सम्मान में स्नान करते हैं.

बीजेपी नेता ने लिखा- ‘जौनपुर के जमैथा गांव को भगवान परशुराम की कर्मभूमि और तपोभूमि माना जाता है. यहाँ महर्षि जमदग्नि का आश्रम था. जो परशुराम के पिता थे. जौनपुर को कभी जमदग्निपुरम् भी कहा जाता था.’

भाजपा नेता शम्सी आजाद ने लिखा कि आपसे सादर अनुरोध है कि जौनपुर जनपद का नाम बदलकर महर्षि दधीचि, भगवान परशुराम, महर्षि जमदग्नि अथवा भगवान परशुराम की माता रेणुका के नाम पर रखा जाए.

Also Read: UP News: कौशांबी में भीषण सड़क हादसा, खड़े ट्रेलर से टकराई बाइक, 3 लोगों की मौत

Get real time updates directly on you device, subscribe now.