UP News: अखिलेश यादव और ब्रजेश पाठक के बीच बढ़ते विवाद पर CM योगी ने दी सपा को नसीहत

UP Politics: उत्तर प्रदेश की सियासत में इन दिनों समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव और राज्य के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के बीच बयानबाज़ी का दौर तेज़ हो गया है।

इस बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बिना किसी का नाम लिए इस पूरे विवाद पर अपनी पहली सार्वजनिक प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इशारों-इशारों में सपा प्रमुख को संयमित और मर्यादित भाषा का इस्तेमाल करने की सलाह दी।

सीएम योगी ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा- “यद्यपि समाजवादी पार्टी से किसी आदर्श आचरण की अपेक्षा करना व्यर्थ है, किंतु सभ्य समाज उनके अशोभनीय एवं अभद्र वक्तव्यों को सहन नहीं कर सकता।”

उन्होंने आगे लिखा,”समाजवादी पार्टी के शीर्ष नेतृत्व को चाहिए कि वे अपने सोशल मीडिया हैंडल्स की भली-भांति समीक्षा करें तथा यह सुनिश्चित करें कि वहां प्रयुक्त भाषा मर्यादित, संयमित और गरिमापूर्ण हो।”

क्या है पूरा विवाद

इस विवाद की शुरुआत उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के एक बयान से हुई, जिसमें उन्होंने समाजवादी पार्टी पर कटाक्ष करते हुए “डीएनए” शब्द का इस्तेमाल किया था।

इसके जवाब में समाजवादी पार्टी के आधिकारिक मीडिया सेल अकाउंट से ब्रजेश पाठक पर आपत्तिजनक टिप्पणी की गई, जिसे लेकर पाठक ने एफआईआर दर्ज करवा दी। हालांकि बाद में समाजवादी पार्टी ने उस विवादित पोस्ट को हटा लिया, लेकिन बयानबाज़ी का दौर यहीं नहीं थमा।

अखिलेश यादव ने भी स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक को एक सलाह भरा बयान दे डाला। जवाब में ब्रजेश पाठक ने डॉक्टर राम मनोहर लोहिया का हवाला देते हुए कहा कि आज की समाजवादी पार्टी “समाजवाद का सही अर्थ ही नहीं जानती।”

केशव मौर्य और कानूनी कार्रवाई की चेतावनी

विवाद बढ़ता देख उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी प्रतिक्रिया दी और कहा- “परिवारवादी समाजवाद अब पूरी तरह से लठैतवाद में बदल चुका है।”

इस बीच ब्रजेश पाठक के वकील प्रशांत सिंह अटल ने कहा कि समाजवादी पार्टी को कानूनी नोटिस भेजा गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अगर 15 दिनों के भीतर माफी नहीं मांगी गई और विवादित पोस्ट नहीं हटाई गई, तो हम मानहानि का मुकदमा दायर करेंगे।

Also Read: UP News: IPL मुकाबले से पहले CM योगी से मिले गेंदबाज मोहम्मद शमी, इन मुद्दों पर हुई चर्चा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.