लखनऊ में होर्डिंग के ज़रिए सियासी संदेश, सपा पर निशाना, ब्रजेश पाठक को लेकर कही यह बात
Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ में मुख्यमंत्री आवास चौराहे के पास एक विवादित होर्डिंग चर्चा का विषय बन गई है। इस होर्डिंग में समाजवादी पार्टी (सपा) पर तीखा हमला किया गया है, जबकि उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक की तस्वीर के साथ उन्हें धन्यवाद दिया गया है।
होर्डिंग में बड़े अक्षरों में लिखा गया “वर्ग विशेष का तुष्टिकरण, गुंडागर्दी, गाली-गलौज… नामजवादियों के डीएनए की आ गई रिपोर्ट!” इसके नीचे ब्रजेश पाठक की तस्वीर के साथ संदेश था ‘आपने प्रदेश का कर दिया उपकार, ब्रजेश पाठक जी का बहुत-बहुत आभार।’
हालांकि यह होर्डिंग किसने लगवाई है, इसकी अब तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। लेकिन राजनीतिक गलियारों में इसे सपा पर सीधा राजनीतिक हमला माना जा रहा है। इस संदेश को लेकर अब सोशल मीडिया पर भी बहस छिड़ गई है।
विपक्षी दलों ने इस प्रकार की सार्वजनिक टिप्पणी को भड़काऊ बताते हुए चुनाव आयोग और प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है। वहीं, कुछ समर्थक इसे सरकार की उपलब्धियों की सराहना के रूप में देख रहे हैं। प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि होर्डिंग को लेकर जांच की जा रही है कि क्या इसके लिए आवश्यक अनुमति ली गई थी या नहीं।
Also Read: Lucknow: CBI ऑफिस के बाहर एएसआई पर जानलेवा हमला, हालत नाज़ुक

