18 करोड़ में रिटेन, लेकिन बने सबसे ज्यादा छक्के खाने वाले बॉलर, टॉप-3 में शामिल दो भारतीय खिलाड़ी
Sandesh Wahak Digital Desk: आईपीएल 2025 के दौरान जहां एक ओर बल्लेबाजों की धमाकेदार पारियां और गेंदबाजों की घातक गेंदबाजी सुर्खियां बटोर रही हैं।

वहीं, कुछ खिलाड़ियों के नाम ऐसे रिकॉर्ड भी दर्ज हो रहे हैं जिन्हें वे शायद भूल जाना चाहें। ऐसा ही एक रिकॉर्ड है – सीजन में सबसे ज्यादा छक्के खाने वाले गेंदबाजों का।
इस सूची में शामिल हैं देश के उभरते और दिग्गज गेंदबाज, जिनमें से एक को उनकी टीम ने ₹18 करोड़ की भारी भरकम कीमत देकर रिटेन किया था।
आइए नजर डालते हैं उन तीन गेंदबाजों पर जो IPL 2025 में छक्कों के सबसे बड़े ‘शिकार’ बने हैं।
3- रवि बिश्नोई (लखनऊ सुपरजायंट्स)

लेग स्पिनर रवि बिश्नोई इस सीजन में 11 मैचों में 24 छक्के खा चुके हैं। उन्होंने सिर्फ 9 विकेट लिए और उनका इकॉनमी रेट 10.84 रहा, जो किसी स्पिनर के लिए काफी ज्यादा माना जाता है।
बिश्नोई की खराब फॉर्म लखनऊ सुपरजायंट्स के प्लेऑफ से बाहर होने की एक अहम वजह रही।
2- खलील अहमद (चेन्नई सुपर किंग्स)

बाएं हाथ के तेज गेंदबाज खलील अहमद ने इस सीजन में 25 छक्के खाए। उन्हें चेन्नई सुपर किंग्स ने ₹4.8 करोड़ में खरीदा था।
हालांकि, खलील ने 14 विकेट जरूर लिए, लेकिन उनका इकॉनमी रेट 9.85 रहा, जो डेथ ओवर्स में उनकी कमजोरी को दर्शाता है।
1- राशिद खान (गुजरात टाइटन्स)

टी20 क्रिकेट के सुपरस्टार माने जाने वाले राशिद खान इस लिस्ट में सबसे ऊपर हैं। राशिद ने इस सीजन 13 मैचों में 26 छक्के खाए, जबकि वह सिर्फ 8 विकेट ही निकाल पाए। उनका इकॉनमी रेट 9.38 रहा।
खास बात यह है कि गुजरात टाइटन्स ने उन्हें ₹18 करोड़ में रिटेन किया था, लेकिन वे अपने प्रदर्शन से टीम की उम्मीदों पर खरे नहीं उतर सके।
पिछले सीजन में भी उनका प्रदर्शन औसत रहा था, जिसमें उन्होंने 12 मैचों में केवल 10 विकेट झटके थे।
महंगी कीमत, फीका प्रदर्शन

इन आंकड़ों से साफ है कि महंगी कीमत या बड़ी पहचान मैदान में प्रदर्शन की गारंटी नहीं होती। IPL 2025 में जहां नए सितारे चमक रहे हैं, वहीं कुछ पुराने नामों के लिए यह सीजन भूलने जैसा रहा है।

