लखनऊ नगर निगम की नई पहल: यूजर चार्ज में बदलाव और डिजिटल भुगतान पर छूट, महापौर ने की ऑनलाइन सेवा की शुरुआत
Sandesh Wahak Degital: स्वच्छ और स्मार्ट लखनऊ की दिशा में एक और मजबूत कदम उठाते हुए नगर निगम लखनऊ ने शुक्रवार को डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन सेवा को और अधिक सुव्यवस्थित बनाने के लिए यूजर चार्ज की नई दरें लागू कर दी हैं। इसके साथ ही नागरिकों को डिजिटल माध्यम से भुगतान करने पर आकर्षक छूट भी दी जा रही है। इस नई ऑनलाइन सेवा की शुरुआत नगर निगम की वेबसाइट lmc.up.nic.in पर माननीय महापौर सुषमा खर्कवाल ने की। उन्होंने खुद अपने निजी आवास का यूजर चार्ज ऑनलाइन जमा कर इस सेवा का शुभारंभ किया और अन्य अधिकारियों को भी तत्काल भुगतान करने के निर्देश दिए।
डिजिटल इंडिया और स्वच्छ लखनऊ की दिशा में बड़ा कदम
महापौर सुषमा खर्कवाल ने कहा,
“यह पहल न सिर्फ शहर की सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ करेगी, बल्कि डिजिटल लेनदेन को भी बढ़ावा देगी। अब लखनऊवासी घर बैठे मोबाइल या कंप्यूटर से ही यूजर चार्ज और हाउस टैक्स जमा कर सकते हैं और 10% तक की छूट का लाभ ले सकते हैं।”
आठ साल बाद हुआ यूजर चार्ज का संशोधन, जानिए नई दरें
24 मार्च 2025 को नगर निगम की कार्यकारिणी समिति की बैठक में यूजर चार्ज में संशोधन को मंजूरी दी गई थी। इससे पहले यह दरें वर्ष 2017 से लागू थीं। नई दरें इस प्रकार हैं:
-
₹5000 तक वार्षिक मूल्य वाले भवन:
₹50 प्रति महीना (₹600 सालाना)
एकमुश्त भुगतान पर 10% की छूट -
₹5000 से अधिक मूल्य वाले भवन/फ्लैट/अपार्टमेंट:
₹100 प्रति महीना (₹1000 सालाना)
एकमुश्त भुगतान पर 10% की छूट
यह छूट 30 जून 2025 तक के लिए वैध है। उसके बाद केवल उन्हीं लोगों को यह छूट मिलेगी जो हाउस टैक्स के साथ यूजर चार्ज एकमुश्त जमा करेंगे।
कैसे करें ऑनलाइन भुगतान?
नागरिक UPI, BBPS, नेट बैंकिंग और कार्ड्स के जरिए नगर निगम की वेबसाइट पर लॉगइन करके आसानी से भुगतान कर सकते हैं। यह प्रक्रिया सरल और सुरक्षित है।
शिकायत के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी
महापौर ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि किसी नागरिक ने ऑनलाइन भुगतान कर दिया है और फिर भी कोई कूड़ा कलेक्टर अतिरिक्त पैसे मांगता है, तो इसकी शिकायत महापौर कार्यालय के हेल्पलाइन नंबर 6389200005 पर की जा सकती है।
नगर आयुक्त का निर्देश: हर घर तक पहुंचे जानकारी
नगर आयुक्त गौरव कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे इस नई दर और छूट योजना की जानकारी शहर के हर घर तक पहुंचाएं और वसूली प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी बनाएं।
यूजर चार्ज की नई प्रणाली क्यों है खास? जानिए 7 बड़े फायदे
-
हर घर से नियमित कूड़ा उठाव सुनिश्चित होगा
-
ऑनलाइन भुगतान से मिलेगी समय और सुविधा की बचत
-
शोषण और मनमानी वसूली पर रोक लगेगी
-
सीधी बैंकिंग से लेखा प्रणाली में पारदर्शिता आएगी
-
सड़क और सार्वजनिक स्थानों की सफाई बेहतर होगी
-
नालियों में कचरा डालने की प्रवृत्ति रुकेगी
-
स्वच्छता रैंकिंग में सुधार की उम्मीद
Also Read:बेटे की शादी से पहले बहू को लेकर भागा ससुर की…

