Agra: शादीशुदा प्रेमिका से मिलने पहुंचा यूपी पुलिस का सिपाही, चोर समझकर ग्रामीणों ने की पिटाई
Sandesh Wahak Digital Desk: आगरा के थाना खंदौली क्षेत्र के नंदलालपुर गांव में उस वक्त हड़कंप मच गया जब ग्रामीणों ने एक संदिग्ध व्यक्ति को चोर समझकर पकड़ लिया और जमकर धुनाई कर दी। बाद में जब सच्चाई सामने आई तो सभी हैरान रह गए। वह युवक कोई चोर नहीं, बल्कि यूपी पुलिस का सिपाही निकला, जो अपनी शादीशुदा प्रेमिका से मिलने आया था।
सुबह भागते समय पकड़ा गया
यह मामला गुरुवार तड़के करीब 4 बजे का है। अलीगढ़ पुलिस लाइन में तैनात सिपाही अवनीश, जो सेवला का निवासी है, अपनी प्रेमिका से मिलने के लिए उसके घर चोरी-छिपे पहुंचा था। प्रेमिका के पति इन दिनों बच्चों के साथ दिल्ली गए हुए हैं, और इस मौके का फायदा उठाकर वह रात में घर आया। लेकिन सुबह जब वह गांव से बाहर निकलने की कोशिश कर रहा था, तब ग्रामीणों को उस पर शक हुआ। चोर-चोर की आवाज लगाकर लोगों ने उसे पकड़ लिया, हाथ-पैर बांधे और जमकर पीटा। इसी बीच उसकी प्रेमिका मौके से भाग निकली।
धमकियां देता था पति को
स्थानीय लोगों के अनुसार, प्रेमिका के पति ने पहले भी सिपाही अवनीश को घर आने से मना किया था, लेकिन वह जान से मारने की धमकी देता था। वह अक्सर रात के समय मिलने आता था। सूचना मिलते ही पीआरबी 112 और खंदौली पुलिस मौके पर पहुंची और अवनीश को ग्रामीणों से छुड़ाकर हिरासत में ले लिया। थानाध्यक्ष राकेश चौहान ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है, और सभी पक्षों से पूछताछ के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
गांव में चर्चा का विषय बना मामला
यह घटना पूरे गांव में चर्चा का विषय बन गई है। एक पुलिसकर्मी का इस तरह से प्रेमिका के घर में छिपकर आना और फिर ग्रामीणों द्वारा पकड़े जाना, लोगों के लिए हैरान करने वाला है। प्यार का भूत उतर चुका है, ऐसा ग्रामीणों के बीच मज़ाक बन गया है।
Also Read: आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, डबल डेकर बस खाई में गिरी, दो यात्रियों की मौत

