शादी से पहले योगी सरकार का बड़ा तोहफा, इस विभाग में अधिकारी बनेंगे क्रिकेटर रिंकू सिंह
Sandesh Wahak Digital Desk: भारतीय क्रिकेट टीम के उभरते सितारे रिंकू सिंह को उत्तर प्रदेश सरकार ने एक बड़ा सम्मान दिया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकार ने रिंकू सिंह को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) पद पर नियुक्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। यह नियुक्ति अंतरराष्ट्रीय पदक विजेता सीधी भर्ती नियमावली-2022 के तहत की जा रही है।
बेसिक शिक्षा निदेशालय की ओर से इस बाबत आधिकारिक पत्र भी जारी कर दिया गया है। अब रिंकू क्रिकेट के मैदान के बाद शिक्षा के क्षेत्र में भी अपनी पारी शुरू करने जा रहे हैं।
संघर्ष से स्टार तक: रिंकू की कहानी प्रेरणादायक
रिंकू सिंह का जीवन संघर्ष और सफलता की मिसाल है। 12 अक्टूबर 1997 को अलीगढ़ के एक साधारण परिवार में जन्मे रिंकू के पिता सिलेंडर वितरक का काम करते थे।

रिंकू ने भी पिता के काम में हाथ बंटाया, लेकिन क्रिकेट के प्रति उनका जुनून उन्हें मैदान की ओर खींच लाया।
डीपीएस स्कूल के मैदान से लेकर इंटरनेशनल क्रिकेट तक, उन्होंने खुद को साबित किया। शुरुआत में स्कूली क्रिकेट में जीत, फिर आईपीएल में धमाल और अब राष्ट्रीय टीम तक का सफर – रिंकू की मेहनत की गवाही देता है।
IPL से चमका सितारा, अब सरकारी सेवा में सम्मान
कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) की ओर से खेलने वाले रिंकू सिंह ने आईपीएल 2023 में अपनी विस्फोटक बल्लेबाज़ी से सबका ध्यान खींचा। इसी प्रदर्शन के बाद उन्हें टी20 और वनडे अंतरराष्ट्रीय टीम में भारत का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिला।
IPL 2025 के मेगा ऑक्शन से पहले KKR ने उन्हें 13 करोड़ रुपये में रिटेन किया है—यह उनकी लोकप्रियता और क्षमता का प्रमाण है।
शादी की तैयारी, पर सेवा पहले!
हाल ही में रिंकू सिंह की सपा सांसद प्रिया सरोज से सगाई हुई थी। दोनों की शादी 18 नवंबर को वाराणसी में प्रस्तावित थी, लेकिन फिलहाल इसे स्थगित कर दिया गया है। इस समय रिंकू घरेलू क्रिकेट में व्यस्त हैं।
नीति का उद्देश्य: खिलाड़ियों को सम्मान
उत्तर प्रदेश सरकार की यह नीति उन खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देने की दिशा में अहम कदम है, जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश और प्रदेश का नाम रोशन किया है। रिंकू सिंह को बीएसए पद पर नियुक्त करना इसी दिशा में एक उदाहरण बन गया है।
Also Read: IPL को टक्कर देने आ रहा ये टूर्नामेंट, 34 अरब की टी20 लीग से भारत-इंग्लैंड को लगेगा झटका

