दुरंतो एक्सप्रेस में लुटेरों का तांडव, यात्रियों से लूटपाट कर इमरजेंसी चेन खींच भागे बदमाश

Sandesh Wahak Digital Desk: बिहार में रेल यात्रियों की सुरक्षा एक बार फिर सवालों के घेरे में है। नई दिल्ली से भुवनेश्वर जा रही दुरंतो एक्सप्रेस में गया जिले के पास गुरुवार देर रात लुटेरों ने जमकर उत्पात मचाया। अज्ञात बदमाशों ने ट्रेन के कम से कम पांच डिब्बों को निशाना बनाते हुए यात्रियों से मोबाइल, बैग, लैपटॉप और नकदी लूट ली।

यह वारदात रात करीब 2 बजे परैया और काष्ठा स्टेशन के बीच हुई। लुटेरों ने इमरजेंसी चेन खींचकर ट्रेन को जबरन रोका और अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले। इस दौरान ट्रेन करीब आधे घंटे तक ट्रैक पर खड़ी रही। यात्रियों में दहशत और गुस्सा दोनों देखने को मिला।

क्या-क्या लूटा गया

घटना के शिकार यात्रियों ने बताया कि बदमाशों ने 12 से अधिक यात्रियों के बैग, मोबाइल और लैपटॉप लूट लिए। जबकि कई यात्रियों के पास मौजूद कीमती दस्तावेज भी गायब हैं। वहीं चोरी के बाद कुछ खाली बैग ट्रैक के किनारे मिले हैं।

रेलवे सुरक्षा में लापरवाही

गया रेलवे स्टेशन पर एक यात्री ने बताया, हैरानी की बात है कि कोच में कोई RPF जवान नहीं गश्त कर रहा था। हम पूरी रात असुरक्षित महसूस कर रहे थे। घटना के बाद गया रेलवे स्टेशन पर यात्रियों ने जमकर हंगामा किया और लूटे गए सामान की बरामदगी की मांग की। मामले में गया जीआरपी थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। रेलवे डीएसपी के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया है। पुलिस को शक है कि इस वारदात के पीछे कोई सुसंगठित गिरोह है।

Also Read: एसडीएम सदर पर भूमाफिया से साठगांठ का आरोप, कैबिनेट मंत्री ने शासन को भेजा पत्र

Get real time updates directly on you device, subscribe now.