लखनऊ: नगर निगम ने 80 से अधिक समस्याओं का किया मौके पर निस्तारण
Sandesh Wahak Digital Desk : शहरवासियों की समस्याओं को सुनने और उनका त्वरित समाधान करने के उद्देश्य से नगर निगम लखनऊ द्वारा हर महीने आयोजित किए जाने वाले संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन शुक्रवार को लालबाग स्थित त्रिलोकनाथ सभागार में किया गया।इस समाधान शिविर में लोगों की बड़ी संख्या में भागीदारी देखने को मिली। सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक चले इस कार्यक्रम में कुल 82 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 80 शिकायतों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया। यह नगर निगम के त्वरित और प्रभावी कार्यप्रणाली का परिचायक है।
टैक्स, जल आपूर्ति और सफाई प्रमुख मुद्दे
इस समाधान दिवस के दौरान सबसे ज्यादा शिकायतें कर (टैक्स) से जुड़ी हुई रहीं। इसके अलावा जलकल विभाग से संबंधित सीवर और जल आपूर्ति की कुल 24 शिकायतें सामने आईं। वहीं सफाई व्यवस्था, अतिक्रमण और मार्ग प्रकाश जैसी सुविधाओं को लेकर 10 से अधिक शिकायतें प्राप्त हुईं, जिन पर भी तत्परता से कार्रवाई की गई।
अधिकारियों की मौजूदगी से मिला समाधान का भरोसा
इस मौके पर नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार गुप्त,नम्रता सिंह,जीएम जलकल, कुलदीप सिंह,चीफ टैक्स असेस्मेंट ऑफिसर,अशोक सिंह इसके अलावा सभी जोनों के ज़ोनल अधिकारी और संबंधित विभागों के कर्मचारी भी समाधान प्रक्रिया में सक्रिय रूप से शामिल रहे।
जनता को मिला समाधान, नगर निगम को सराहना
नगर निगम द्वारा आयोजित इस समाधान दिवस में लोगों को मौके पर ही जवाब और कार्रवाई मिलने से संतोष देखने को मिला। कई लोगों ने अपनी समस्याओं के तुरंत समाधान पर नगर निगम की सराहना भी की।
Also Read : अमौसी एयरपोर्ट के पास बनी ऊंची 15 इमारतों पर चलेगा प्रशासन का बुलडोज़र

