कोलकाता IIM में काउंसलिंग सेशन के दौरान छात्रा से दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार

Sandesh Wahak Digital Desk: पश्चिम बंगाल की राजधानी में स्थित प्रतिष्ठित इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट (IIM) कोलकाता से एक छात्रा के साथ कथित दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। यह घटना ऐसे समय पर हुई है जब कोलकाता लॉ कॉलेज में पहले से ही एक छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म की जांच चल रही है। इस नए मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर 7 दिन की रिमांड पर भेज दिया है।

काउंसलिंग के लिए आई थी छात्रा, हॉस्टल में हुई घटना

पुलिस के मुताबिक, यह मामला शुक्रवार का है जब एक युवती IIM कोलकाता में काउंसलिंग सेशन में शामिल होने के लिए आई थी। आरोप है कि उसे छात्रावास (हॉस्टल) में बुलाया गया, जहां उसे कथित रूप से नशीला पदार्थ पिलाकर बेहोश किया गया और फिर उसके साथ दुष्कर्म किया गया।

युवती ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि आरोपी ने घटना के बारे में किसी को बताने पर गंभीर अंजाम भुगतने की धमकी दी थी। पीड़िता की शिकायत के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, हालांकि फिलहाल उसकी पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है।

कोर्ट ने आरोपी को भेजा पुलिस हिरासत में

शनिवार को आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां बचाव पक्ष और अभियोजन के बीच लंबी बहस चली। कोर्ट ने सबूतों और आरोपों को देखते हुए आरोपी को 7 दिन की पुलिस हिरासत में भेजने का आदेश दिया है, ताकि मामले की गहराई से जांच की जा सके।

इस बीच, इस मामले में एक नया मोड़ उस वक्त आया जब पीड़िता के पिता ने मीडिया से बात करते हुए रेप के आरोपों से इनकार किया। उन्होंने कहा कि उन्होंने अपनी बेटी से बात की है और उसने यौन उत्पीड़न जैसी किसी भी घटना से इनकार किया है।

पुलिस जांच जारी, सभी पहलुओं पर नजर

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामला बेहद संवेदनशील है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज, मेडिकल रिपोर्ट और अन्य डिजिटल सबूतों को खंगाला जा रहा है। पुलिस जल्द ही तथ्यों के आधार पर स्पष्ट जानकारी सार्वजनिक करेगी।

 

Also Read: बरेली में चोर गिरोह से पुलिस की मुठभेड़, पांच बदमाश गिरफ्तार, एक घायल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.