Wimbledon Championship: 99 साल बाद पोलैंड को मिला पहला विम्बलडन चैंपियन, इगा स्वियातेक ने रचा इतिहास
Sandesh Wahak Digital Desk: विम्बलडन 2025 में टेनिस इतिहास का एक ऐतिहासिक पल दर्ज हुआ, जब पोलैंड की स्टार टेनिस खिलाड़ी इगा स्वियातेक ने महिला एकल खिताब अपने नाम कर लिया।
24 वर्षीय स्वियातेक ने फाइनल मुकाबले में अमेरिका की अमांडा एनिसिमोवा को पूरी तरह एकतरफा अंदाज़ में 6-0, 6-0 से पराजित किया। इस जीत के साथ वे विम्बलडन जीतने वाली पोलैंड की पहली महिला खिलाड़ी बन गईं।

महज 26 मिनट में पहला सेट जीतने वाली स्वियातेक ने मैच के दौरान आक्रामक खेल का शानदार प्रदर्शन किया, वहीं दूसरी ओर 23 वर्षीय अमांडा एनिसिमोवा कोर्ट पर संघर्ष करती नजर आईं और एक भी गेम नहीं जीत सकीं।
स्वियातेक अब तक कुल छह ग्रैंड स्लैम खिताब जीत चुकी हैं, जिसमें चार फ्रेंच ओपन, एक यूएस ओपन और अब विम्बलडन शामिल है। खास बात यह है कि उन्होंने अब तक खेले गए सभी छह ग्रैंड स्लैम फाइनल जीते हैं, यानी उनका ग्रैंड स्लैम फाइनल में 100% जीत का रिकॉर्ड बरकरार है।
स्वियातेक को राफेल नडाल की तरह क्ले कोर्ट की विशेषज्ञ माना जाता है, लेकिन इस बार उन्होंने ग्रास कोर्ट पर भी अपनी श्रेष्ठता साबित करते हुए विम्बलडन का खिताब जीत लिया है। इससे पहले वे विम्बलडन में क्वार्टरफाइनल से आगे कभी नहीं पहुंची थीं।
महिला प्रोफेशनल टेनिस की शुरुआत 1926 में हुई थी और 99 साल बाद, 2025 में, पोलैंड को पहली बार विम्बलडन महिला एकल चैंपियन मिली है। यह उपलब्धि न सिर्फ स्वियातेक के करियर का शिखर है, बल्कि पोलिश खेल इतिहास का भी एक गौरवपूर्ण अध्याय है।

