यूपी एसटीएफ और जम्मू-कश्मीर पुलिस का बड़ा एक्शन, गटारू गैंग के 4 बदमाश गिरफ्तार
Lucknow News: उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (STF) और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने एक संयुक्त अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए मेरठ के थाना सदर बाजार क्षेत्र के सोतीगंज इलाके से कुख्यात गटारू गैंग के 4 सदस्यों को दबोच लिया है। यह गैंग जम्मू-कश्मीर में रंगदारी, डकैती, जमीन हड़पने, जानलेवा हमला करने और मादक पदार्थों की तस्करी जैसी संगीन वारदातों में लंबे समय से सक्रिय रहा है।
पुलिस द्वारा पकड़े गए आरोपियों की पहचान जम्मू-कश्मीर के सांबा जिले के विजयपुर निवासी सौरभ गुप्ता, गौरव गुप्ता (दोनों पुत्र ओमप्रकाश गुप्ता) और रोहित बलोना (पुत्र गोपाल कृष्ण बलोना) के रूप में हुई है। इनके साथ ही मेरठ के सोतीगंज निवासी माज कुरैशी (पुत्र जाकिर कुरैशी) को भी गिरफ्तार किया गया है, जिसने इन अपराधियों को अपने मकान में बिना पुलिस वेरिफिकेशन के शरण दे रखी थी। पुलिस ने इनके पास से 4 मोबाइल फोन और 1 लैपटॉप भी बरामद किया है।
खुफिया इनपुट और संयुक्त कार्रवाई
बीते 22 अक्टूबर 2026 को जम्मू-कश्मीर के सांबा जिले की पुलिस से इनपुट मिला था कि कुख्यात गटारू गैंग के सदस्य मेरठ में छिपे हुए हैं। इसके बाद यूपी एसटीएफ की फील्ड इकाई (मेरठ) के अपर पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार सिंह के निर्देशन में छानबीन शुरू की गई। सटीक सूचना मिलने पर जम्मू-कश्मीर पुलिस के डिप्टी एसपी अतहर बख्शी के नेतृत्व में एक टीम मेरठ पहुंची और 2 नवंबर 2026 की देर रात सोतीगंज से इन चारों को धर दबोचा।
गैंग का आपराधिक इतिहास और पृष्ठभूमि
जांच में खुलासा हुआ कि गटारू गैंग जम्मू और सांबा जिलों में आतंक का पर्याय रहा है। इस सिंडिकेट का संचालन पहले सुमित जंदियाल उर्फ गटारू करता था, जिसकी 21 जनवरी 2025 को जम्मू के ज्वेल चौक पर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस गैंग की लंबे समय से ‘विक्की खौफ गैंग’ और विकास सलाथिया ग्रुप के साथ गैंगवार चल रही है।
सुमित की हत्या के बाद गैंग के सदस्यों ने विभिन्न जगहों पर शरण ली थी। वर्तमान में गिरफ्तार सौरभ गुप्ता, गौरव गुप्ता और रोहित बलोना जम्मू-कश्मीर के विजयपुर थाने में दर्ज एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट (मु.अ.सं. 146/2026) के मामलों में वांछित चल रहे थे। आरोपियों का पुराना आपराधिक इतिहास भी काफी लंबा है, जिसमें कई गंभीर धाराओं में मुकदमें दर्ज हैं। फिलहाल, उत्तर प्रदेश में आवश्यक कार्रवाई के बाद अभियुक्तों को अग्रिम विधिक प्रक्रिया के लिए जम्मू-कश्मीर पुलिस अपने साथ ले जाएगी।
Also Read: वृंदावन बांके बिहारी मंदिर में VIP दर्शन के लिए लागू हुआ पर्ची सिस्टम

