Firozabad News: मासूम मोहित की हत्या के आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ में किया गिरफ्तार
Firozabad News: फिरोजाबाद के टूंडला कोतवाली क्षेत्र में एक 13 वर्षीय मासूम बच्चे की हत्या से पूरा इलाका दहल उठा था। लेकिन पुलिस ने इस जघन्य अपराध का खुलासा करते हुए आरोपी दीपक यादव को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया है। इस आरोपी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
पैसों का लालच देकर की हैवानियत
पुलिस के मुताबिक, टूंडला के कच्चा टूंडला का रहने वाला मोहित (13) कूड़ा बीनकर अपना गुजारा करता था। 10 जुलाई की रात मोहित अपने दोस्तों के साथ मेला देखने आया था। मेले में वह लोगों से पैसे मांग रहा था, तभी उसकी मुलाकात आरोपी दीपक यादव से हुई। दीपक ने मोहित को पैसों का लालच दिया और उसे एक सुनसान निर्माणाधीन दुकान की छत पर ले गया।
यहां दीपक यादव ने मासूम मोहित के साथ यौन दुराचार का प्रयास किया। जब मोहित ने इसका विरोध किया, तो आरोपी ने हैवानियत की सारी हदें पार कर दीं। उसने मोहित का मुंह और गर्दन दबा दी, ईंट से वार किया, और अंत में उसकी शर्ट से ही फंदा बनाकर उसे मौत के घाट उतार दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी दीपक यादव मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने घटनास्थल से जुटाए गए सबूतों और सीसीटीवी फुटेज की मदद से दीपक यादव को 72 घंटे के भीतर खोज निकाला। फिरोजाबाद के अपर पुलिस अधीक्षक नगर, रवि शंकर प्रसाद ने बताया कि टूंडला कोतवाली पुलिस, एसओजी और सर्विलांस की टीम लगातार इस हत्यारे की तलाश में जुटी हुई थी। पुलिस ने दीपक यादव पर 25,000 रुपये का इनाम भी घोषित किया था।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी एत्मादपुर कोतवाली क्षेत्र में छिपा हुआ है। पुलिस ने लगातार दबिश दी, लेकिन आरोपी पुलिस को चकमा देता रहा। 14 जुलाई की रात, दीपक यादव पुलिस की दबिश की खबर पाकर एत्मादपुर कोतवाली क्षेत्र से निकलकर ग्रामीण इलाके की लिंक रोड से भागने की फिराक में था। पुलिस ने तुरंत घेराबंदी कर ली। मोहम्मदाबाद छितरई रोड पर घेराबंदी के दौरान हत्यारोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी फायरिंग में हत्यारोपी दीपक यादव के दोनों पैरों में गोली लगी। उसे तुरंत पुलिस अभिरक्षा में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

