यूपी विधानसभा में जल्द लगेगा हाईटेक एआई निगरानी सिस्टम, हर विधायक की गतिविधि पर रहेगी पैनी नजर
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश विधानसभा जल्द ही दुनिया की सबसे एडवांस तकनीक से लैस होने जा रही है। यहां एक ऐसा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आधारित कैमरा सिस्टम लगाया जाएगा, जो न सिर्फ चेहरों की पहचान करेगा, बल्कि विधायकों की हर गतिविधि पर भी बारीकी से नजर रखेगा।
इस अत्याधुनिक निगरानी प्रणाली के लिए विधानसभा सचिवालय ने ई-टेंडर जारी कर दिया है। टेंडर फाइनल होने के 45 दिनों के भीतर पूरे सिस्टम को विधानसभा भवन में स्थापित करना होगा। विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने बजट सत्र के दौरान इस तकनीकी पहल की जानकारी दी थी। उम्मीद जताई जा रही है कि शीतकालीन सत्र में यह नया एआई सिस्टम पूरी तरह से सक्रिय होगा।
क्या है इस हाईटेक सिस्टम की खासियत?
यह सिस्टम एआई तकनीक पर आधारित होगा, जो चेहरा देखकर व्यक्ति की पहचान कर सकेगा। इतना ही नहीं, यह व्यक्ति का नाम, उपस्थिति की तारीख और समय तक का सटीक रिकॉर्ड भी तैयार करेगा। साथ ही यह आवाज और फोटो के साथ वीडियो रिकॉर्डिंग की क्षमता भी रखेगा।
विधानसभा परिसर में लगने वाले कैमरे इतने सक्षम होंगे कि वे भीड़ में भी हर चेहरे को पहचान सकेंगे। even अगर कोई चेहरा अधखुला हो या व्यक्ति ने भेष बदला हो। चाहे किसी ने चश्मा पहन रखा हो, हेयरस्टाइल बदली हो, दाढ़ी-मूंछ रखी हो या चेहरा ढक रखा हो—सिस्टम इन बदलावों के बावजूद पहचान करने में सक्षम होगा।
हर गतिविधि होगी रिकॉर्ड, संदिग्धों पर तुरंत अलर्ट
इस नए सिस्टम में वॉचलिस्ट और ब्लैकलिस्ट जैसी सुविधाएं भी होंगी, यानी यदि कोई व्यक्ति सुरक्षा सूची में दर्ज है, तो जैसे ही वह परिसर में प्रवेश करेगा, सिस्टम तुरंत अलर्ट जारी कर देगा।
सभी विधायकों का विस्तृत डेटा नाम, लिंग, लोकेशन, आने-जाने का समय आदि—डीप लर्निंग तकनीक की मदद से इस सिस्टम में पहले से ही फीड किया जाएगा। पूरा सिस्टम लगभग 42 डिवाइसों से लैस होगा।
मौजूदा ऑडियो-वीडियो सिस्टम से होगा तालमेल
नई तकनीक को विधानसभा के पहले से लगे ऑडियो-वीडियो सिस्टम के साथ भी जोड़ा जाएगा ताकि पूरे संचालन में कोई रुकावट न आए। जिस कंपनी को इस प्रोजेक्ट की जिम्मेदारी दी जाएगी, उसे यह प्रमाणित करना होगा कि उसका सिस्टम मौजूदा तकनीक के साथ पूरी तरह से संगत है।
Also Read: OP Rajbhar को मिली धमकी पर सियासी घमासान, महेंद्र राजभर बोले- ये सिर्फ एक नाटक

