लखनऊ का खुला नाला बना खतरा, जिम्मेदारों को है हादसे का इंतजार?
Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ के फैजुल्लागंज तृतीय वार्ड स्थित नौबस्ता मोहल्ले में एक बड़ा और खतरनाक खुला नाला स्थानीय लोगों की जान का दुश्मन बन चुका है। बीते कई वर्षों से लोग इस नाले को लकड़ी और पटरियों के सहारे पार करने को मजबूर हैं। हालत यह है कि एक छोटी सी चूक भी कभी बड़ा हादसा बन सकती है, लेकिन अफसोस की बात है कि न तो नगर निगम और न ही क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि इस ओर कोई ठोस कदम उठा रहे हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्होंने कई बार शिकायतें दर्ज कराईं, बारिश के मौसम में स्थिति और भी भयावह हो जाती है, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिले हैं, काम शुरू नहीं हुआ। इलाके में मौजूद पार्षद और जिम्मेदार विभाग इस खतरनाक हालात को देखकर भी चुप्पी साधे हुए हैं, मानो वे किसी हादसे का इंतजार कर रहे हों।

पार्षद पर स्थानीय लोगों ने लगाए आरोप
मोहल्ले के लोगों का कहना है कि अब तक कई जानवर इस खुले नाले में गिरकर घायल हो चुके हैं, कुछ की तो मौत भी हो चुकी है। बावजूद इसके नगर निगम की लापरवाही जस की तस बनी हुई है। इतना ही नहीं स्थानीय निवासियों ने पार्षद पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्होंने बार-बार मदद मांगी, लेकिन कभी निरीक्षण तो हुआ, कोई समाधान नहीं मिला। क्षेत्रीय विधायक नीरज बोरा के नाम भी कई बार शिकायतें की गईं, मगर हालात अब तक नहीं बदले।

नौबस्ता क्षेत्र की यह तस्वीर किसी दूर-दराज के गांव की नहीं, बल्कि राजधानी के भीतर एक शहरी मोहल्ले की है। हर दिन स्कूली बच्चे, बुजुर्ग, महिलाएं और राहगीर इस असुरक्षित रास्ते से गुजरते हैं। बारिश के मौसम में यह और भी फिसलन भरा और जानलेवा हो जाता है। स्थानीय लोगों की मांग है कि इस नाले को फौरन ढका जाए या उस पर मजबूत पुलिया बनाई जाए, ताकि किसी अनहोनी से पहले इसकी सुध ली जा सके।
Also Read: लखनऊ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, टेलीग्राम के ज़रिए करोड़ों की साइबर ठगी करने वाला गैंग…

