Sonbhadra News: ट्यूमर ऑपरेशन के दौरान महिला की मौत, परिजनों का अस्पताल में हंगामा
Sonbhadra News: सोनभद्र के सदर कोतवाली क्षेत्र के चूर्क मोड़ स्थित पंचशील हॉस्पिटल में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक 33 वर्षीय महिला की ट्यूमर ऑपरेशन के दौरान मौत हो गई। महिला की मौत से आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा और तोड़फोड़ की। महिला के परिजनों ने डॉक्टरों पर लापरवाही का गंभीर आरोप लगाया। सूचना मिलते ही पुलिस को हालात काबू करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
पंचशील हॉस्पिटल में क्या हुआ था
जानकारी के अनुसार, मिर्जापुर जनपद के मड़िहान निवासी अरविंद की पत्नी इंदु (33 वर्ष) मंगलवार सुबह करीब 10 बजे ट्यूमर के ऑपरेशन के लिए पंचशील हॉस्पिटल पहुंची थीं। परिजनों ने बताया कि महिला का ऑपरेशन शाम 4 बजे शुरू किया गया था। लेकिन, देर शाम तक जब उन्हें मरीज की हालत के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली, तो उन्हें शक हुआ।
हालात तब और बिगड़ गए, जब डॉक्टरों ने अचानक मरीज को कहीं और रेफर करने की बात कही। इस पर परिजन जबरन अस्पताल के भीतर घुस गए, जहां उन्हें पता चला कि इंदु की मौत हो चुकी है। अपनी लाडो को खोने का पता चलते ही परिजनों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया और उन्होंने अस्पताल परिसर में तोड़फोड़ शुरू कर दी।
डॉक्टर फरार, पुलिस को करनी पड़ी मशक्कत
परिजनों के बढ़ते हंगामे और गुस्से को देखकर अस्पताल के डॉक्टर मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना पर अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी), सीओ सिटी, सीओ सदर समेत भारी पुलिस बल तुरंत मौके पर पहुंचा। पुलिस को आक्रोशित भीड़ को शांत करने और स्थिति को नियंत्रित करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। अब पुलिस इस पूरे मामले की जांच-पड़ताल में जुट गई है।

