पहलगाम हमले के आतंकियों की हुई पहचान, LG मनोज सिन्हा बोले- जल्द ही अच्छी खबर मिलेगी
Sandesh Wahak Digital Desk: जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने एक बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि हाल ही में पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले को अंजाम देने वाले आतंकियों की पहचान कर ली गई है और जल्द ही उन्हें मार गिराया जाएगा। मनोज सिन्हा ने गांधी स्मृति में ‘जम्मू-कश्मीर: शांति की ओर’ विषय पर व्याख्यान देते हुए स्पष्ट किया कि कश्मीर घाटी में शांति भंग करने की कोई भी कोशिश सफल नहीं होगी।
ऑपरेशन सिंदूर से मिला करारा जवाब
उपराज्यपाल सिन्हा ने बताया कि पहलगाम हमले के बाद ऑपरेशन सिंदूर के जरिए पाकिस्तान को करारा जवाब दिया गया है। उन्होंने पूरे विश्वास के साथ कहा, हमले को अंजाम देने वालों की पहचान कर ली गई है और मैं पूरे विश्वास के साथ कह सकता हूं कि अब उनका जिंदा रहना मुश्किल है। अच्छी खबरें जरूर आएंगी, लेकिन कोई निश्चित तारीख बताना उचित नहीं होगा। मनोज सिन्हा ने यह भी याद दिलाया कि पिछले पांच सालों में कई बड़े आतंकवादी संगठनों के शीर्ष कमांडर मारे जा चुके हैं और पहलगाम हमले के जिम्मेदार आतंकियों का भी यही हश्र होगा।
उमर अब्दुल्ला ने LG के बयान का किया स्वागत
आपको बता दें कि कुछ दिनों पहले एक अखबार को दिए साक्षात्कार में मनोज सिन्हा ने पहलगाम हमले की पूरी जिम्मेदारी ली थी। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा है कि उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने देर से ही सही, लेकिन आखिरकार यह स्वीकार कर लिया कि पहलगाम हमले के लिए खुफिया विफलता (intelligence failure) जिम्मेदार थी।

