Firozabad News: स्कूल संचालक ने जांच करने पहुंचीं अधिकारी से की अभद्रता, हिरासत में आरोपी
Firozabad News: उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां टूंडला विकासखंड क्षेत्र में बिना मान्यता के चल रहे एक स्कूल की जांच करने पहुंची खंड शिक्षा अधिकारी (ABSA) के साथ स्कूल संचालक ने बदसलूकी की। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी स्कूल प्रबंधक को हिरासत में ले लिया।
बिना मान्यता के चल रहे थे कई स्कूल
फिरोजाबाद के बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष पांडे ने बताया कि शासन के निर्देशों के अनुसार, जिले में बिना मान्यता के संचालित हो रहे विद्यालयों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। अब तक 69 ऐसे स्कूलों को नोटिस जारी किया गया है और कुछ बिना मान्यता वाले स्कूलों को बंद भी कराया गया है।
आठवीं तक की मान्यता, चल रहीं थीं दसवीं तक की कक्षाएं
यह मामला टूंडला विकासखंड के रसूलाबाद क्षेत्र में स्थित एनएसडी पब्लिक इंटरमीडिएट स्कूल का है। इस विद्यालय को केवल कक्षा आठ तक की मान्यता प्राप्त है, लेकिन इसमें कक्षा 10 तक की कक्षाएं चलाई जा रही थीं। अधिकारियों ने बताया कि पहले भी कई बार जांच के दौरान स्कूल प्रबंधक को पहले ही सूचना मिल जाती थी, और वह कक्षा 9 और 10 के छात्रों को मौके से हटा देता था।
जांच के दौरान अधिकारी से बदसलूकी
शुक्रवार की सुबह खंड शिक्षा अधिकारी ने एक गोपनीय टीम बनाकर एनएसडी इंटरमीडिएट स्कूल में छापा मारा। इस बार जांच के दौरान विद्यालय में कक्षा 10 तक की कक्षाएं संचालित होती हुई मिलीं, जबकि स्कूल के पास केवल कक्षा 8 तक की ही मान्यता थी। जब खंड शिक्षा अधिकारी ने विद्यालय प्रबंधन से मान्यता संबंधित दस्तावेज और रजिस्टर मांगे, तो सहयोग करने के बजाय विद्यालय प्रबंधक ने खंड शिक्षा अधिकारी और उनकी टीम के साथ अभद्रता शुरू कर दी।
आरोपी प्रबंधक पुलिस हिरासत में
खंड शिक्षा अधिकारी की सूचना पर स्थानीय पुलिस तुरंत हरकत में आई। नगला सिंघी थाना पुलिस ने इस मामले में आरोपी प्रबंधक को हिरासत में ले लिया है। बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष पांडे ने बताया कि दबंग प्रबंधक के खिलाफ खंड शिक्षा अधिकारी द्वारा तहरीर देकर शिकायत दर्ज कराई जाएगी। विद्यालय में कक्षा 9 और 10 की अवैध कक्षाएं संचालित करने के मामले में बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जा रही है।
Also Read: बिहार की सियासत में नया मोड़, तेज प्रताप यादव कर सकते हैं नई पार्टी का ऐलान

