सलमान खान की एक्स गर्लफ्रेंड संगीता बिजलानी के फार्महाउस में घुसे चोर, जमकर की तोड़फोड़

Sandesh Wahak Digital Desk: गुजरे ज़माने की मशहूर अभिनेत्री और मॉडल संगीता बिजलानी के पवना डैम इलाके में स्थित फार्महाउस में बीते गुरुवार, 18 जुलाई को अज्ञात बदमाशों ने धावा बोल दिया। चोरों ने न सिर्फ़ कई कीमती सामान चुराए, बल्कि पूरे फार्महाउस में जमकर तोड़फोड़ भी की। सभी सीसीटीवी कैमरे तोड़ दिए गए, और संपत्ति को भारी नुकसान पहुँचाया गया। लोनावला ग्रामीण पुलिस के अनुसार, यह घटना एक सोची-समझी साज़िश का हिस्सा लगती है, जिसे अभिनेत्री की अनुपस्थिति में अंजाम दिया गया।

चार महीने बाद फार्महाउस पहुंचीं संगीता

पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस चोरी और तोड़फोड़ का पता तब चला, जब संगीता बिजलानी लगभग चार महीने बाद अपने टिकोना गांव स्थित फार्महाउस पहुंचीं। पुणे ग्रामीण पुलिस को दी गई अपनी शिकायत में बिजलानी ने बताया कि फार्महाउस का मुख्य दरवाज़ा और खिड़की की ग्रिल टूटी हुई मिली। भीतर देखा तो एक टेलीविज़न गायब था और कई घरेलू सामान, जैसे पलंग, फ्रिज और सीसीटीवी कैमरे, बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिए गए थे।

पिता की तबीयत बिगड़ने के कारण नहीं आ पाई थीं फार्महाउस

संगीता बिजलानी ने पुणे ग्रामीण पुलिस अधीक्षक संदीप सिंह गिल को दिए अपने आवेदन में बताया कि उनके पिता की तबीयत ख़राब होने के कारण वे पिछले कुछ महीनों से फार्महाउस पर नहीं आ सकी थीं। उन्होंने आगे बताया, आज मैं अपनी दो घरेलू सहायिकाओं के साथ फार्महाउस पहुंची। वहां पहुंचकर देखा कि मुख्य दरवाज़ा टूटा हुआ था। भीतर जाने पर खिड़की की ग्रिल टूटी हुई मिली, एक टेलीविज़न ग़ायब था और दूसरा टूटा हुआ था। उन्होंने आगे बताया कि ऊपर की मंजिल में भी सब कुछ बिखरा हुआ था, बिस्तर टूटे हुए थे, और कई घरेलू सामान व कीमती वस्तुएं या तो चोरी कर ली गई थीं या तोड़ दी गई थीं।

पुलिस जांच में जुटी, जल्द दर्ज होगी FIR

लोनावला पुलिस थाने के वरिष्ठ निरीक्षक दिनेश तायडे ने जानकारी दी कि घटना की जांच के लिए एक टीम को मौके पर भेजा गया है। उन्होंने कहा कि जैसे ही नुकसान और चोरी का पूरा आकलन हो जाएगा, औपचारिक रूप से प्राथमिकी (FIR) दर्ज की जाएगी। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है ताकि जल्द से जल्द आरोपियों को पकड़ा जा सके।

Also Read: BCCI की रिकॉर्ड तोड़ कमाई, 2023-24 में 9,741 करोड़, IPL से आया सबसे बड़ा हिस्सा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.