अखिलेश यादव की टिप्पणी पर भड़के भूपेंद्र चौधरी, बोले- हिंदू विरोधी मानसिकता का हिस्सा हैं उनके बयान
Sandesh Wahak Digital Desk: भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा और हिंदू ऋषि-मुनियों पर टिप्पणी करना सपा प्रमुख की हिंदू विरोधी सोच को दर्शाता है। भूपेंद्र चौधरी ने आशंका जताई कि कांवड़ यात्रा के दौरान जो घटनाएं सामने आ रही हैं, वो किसी सुनियोजित साजिश का हिस्सा हो सकती हैं।

आपको बता दें कि भूपेंद्र चौधरी केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के चेंजओवर कार्यक्रम में भाग लेने बरेली पहुंचे थे। वहां मीडिया से बात करते हुए उन्होंने अखिलेश यादव और उनकी पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कांवड़ यात्रा करोड़ों लोगों की आस्था से जुड़ी है। इससे जुड़े किसी भी आयोजन में बाधा डालना या उस पर विवाद खड़ा करना, एक सोची-समझी मानसिकता का हिस्सा हो सकता है। संभव है कि इसके पीछे सपा की विचारधारा काम कर रही हो, हालांकि पुलिस जांच कर रही है और अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगा।

इंडिया गठबंधन भी हिंदू विरोधी मानसिकता से ग्रसित
चौधरी ने विपक्षी दलों के गठबंधन ‘इंडिया’ पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यह गठबंधन केवल स्वार्थ और अवसरवाद पर टिका है, और इसकी सोच भी हिंदू विरोधी है। उन्होंने कहा हमारी सरकार सभी धर्मों का सम्मान करती है, लेकिन किसी भी धर्म विशेष को बार-बार निशाना बनाना अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

कविता विवाद पर भी जताई नाराजगी
जब पत्रकारों ने शिक्षक रजनीश गंगवार की वायरल कविता ‘कांवड़ लेकर मत जाना तुम, ज्ञान का दीप जलाना’ का ज़िक्र किया, तो भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने इस पर भी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाले किसी भी बयान या अभिव्यक्ति को अब नजरअंदाज नहीं किया जाएगा। भारत जैसे विविधताओं वाले देश में सभी धर्मों का सम्मान होना चाहिए, न कि किसी एक संप्रदाय को टारगेट कर विवाद फैलाया जाए।

भूपेंद्र चौधरी ने साफ कहा कि उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति मजबूत है और कोई भी व्यक्ति अराजकता फैलाने की कोशिश करेगा तो उस पर सख्त कार्रवाई होगी।
Also Read: Bahraich News: सपा प्रतिनिधिमंडल ने दुष्कर्म पीड़िताओं से की मुलाकात, पूर्व मंत्री यासर शाह ने कही…

