गाजियाबाद में 15 हज़ार रुपये के विवाद में मासूम को उतारा मौत के घाट, 3 गिरफ्तार

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद स्थित थाना लोनी बॉर्डर क्षेत्र से एक बेहद दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ एक 10 वर्षीय मासूम बच्चे का पहले अपहरण किया गया और फिर बेरहमी से उसकी हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस मामले में मृतक के पड़ोसी, उसके सौतेले बेटे और सौतेले बेटे के दोस्त सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस छानबीन में पता चला है कि इस जघन्य हत्याकांड की वजह सिर्फ़ 15 हज़ार रुपये का विवाद और पुरानी रंजिश थी। आरोपियों में से एक पर कर्ज़ था और मृतक मासूम के ताऊ ने उसे लोन दिलवाने के नाम पर 15 हज़ार रुपये लिए थे। जब वह लोन नहीं दिलवा पाया और पैसे भी नहीं लौटाए, तो इसी बात का बदला लेने के लिए इस मासूम बच्चे का अपहरण और फिर उसकी हत्या कर दी गई।

क्या है पूरा मामला

थाना लोनी बॉर्डर क्षेत्र के सेवा धाम मायाराम कुंज, गली नंबर-2 निवासी रवि ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनका 10 वर्षीय बेटा घर के बाहर खेलते समय अचानक लापता हो गया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने सर्विलांस टीम और स्थानीय जांच के माध्यम से गहनता से पड़ताल शुरू की, जिसके बाद तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

जांच के दौरान पुलिस के सामने एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि बच्चे का अपहरण कर उसकी हत्या कर दी गई है। पुलिस के मुताबिक, हत्या की मुख्य वजह पुरानी रंजिश और कर्ज़ का विवाद निकला। पुलिस ने इस मामले में जिन तीन आरोपियों धर्मेंद्र उर्फ राजू (59 वर्ष), रोहित उर्फ कृष्ण (20 वर्ष) और गुड्डू (22 वर्ष) को गिरफ्तार किया है।

गला घोंटकर और सिर पर वार कर उतारा मौत के घाट

मुख्य आरोपी धर्मेंद्र उर्फ राजू ने पूछताछ में बताया कि वह आर्थिक तंगी से जूझ रहा था और 2.5 लाख रुपये का कर्ज़ चुकाने के लिए लोन लेने की कोशिश कर रहा था। मृतक बच्चे के ताऊ नरेश ने उसे जल्द लोन दिलवाने का भरोसा देकर 15,000 रुपये ले लिए थे, लेकिन न तो लोन दिलवाया और न ही पैसे लौटाए। इसी बात को लेकर धर्मेंद्र को नरेश और उनके परिवार से गहरी नाराजगी थी।

बदले की भावना से भरकर, धर्मेंद्र ने अपने बेटे रोहित और साथी गुड्डू के साथ मिलकर बच्चे का अपहरण कर लिया। 10 जुलाई 2025 की रात करीब 9 बजे, तीनों आरोपियों ने बच्चे को अपने ऑटो में बिठाया और उसे नरेला, उत्तर दिल्ली क्षेत्र में ले जाकर गला घोंटकर और सिर पर वार करके बेरहमी से हत्या कर दी। हत्या के बाद, शव को छिपाने की नीयत से एक सफेद बोरे में बंद करके टिकरी गाँव स्थित डीडी की ज़मीन में बने पानी से भरे गड्ढे में फेंक दिया गया।

Also Read: UP News: बांदा में भीषण सड़क हादसा, ट्रक ने 200 मीटर तक घसीटी बाइक, दो मासूमों की मौके पर मौत

Get real time updates directly on you device, subscribe now.