Siddharthnagar News: कूड़ा नदी में डूबे युवक ऋतिक का 20 घंटे बाद मिला शव, प्रशासन को मिली राहत

Siddharthnagar News: उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जनपद में रविवार को कूड़ा नदी में डूबे 20 वर्षीय युवक ऋतिक वर्मा का शव सोमवार सुबह लगभग 8 बजे बरामद कर लिया गया है। करीब 20 घंटे की तलाश के बाद शव मिलने से प्रशासन और परिजनों को कुछ हद तक राहत मिली है।

कैसे हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, जिला मुख्यालय सिद्धार्थनगर के इंदिरा नगर वार्ड नंबर 13 निवासी ऋतिक वर्मा (पुत्र अर्जुन वर्मा) रविवार शाम लगभग 4 बजे अपने पांच दोस्तों के साथ टहलने और नहाने के लिए निकला था। वे दो बाइकों से जिला मुख्यालय से करीब 13 किलोमीटर दूर, थाना उसका बाज़ार क्षेत्र की ग्राम पंचायत गनेरा के पास स्थित कूड़ा नदी के गनेरा घाट पहुँचे।

Hrithik Verma drowning

ऋतिक अपने दोस्तों आशीष कुमार (23), स्वरूप पांडेय (17), सागर पांडेय (14), अनूप कुमार (17) और अपने चचेरे भाई प्रिंस वर्मा (18) के साथ नदी में नहाने लगा। नहाते-नहाते ऋतिक अचानक गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते डूब गया।

घटना के बाद मचा कोहराम

ऋतिक के साथियों ने जब उसे डूबते देखा तो वे घबराकर नदी से बाहर भाग खड़े हुए। युवक के डूबने की खबर मिलते ही गांव से लेकर जिला मुख्यालय तक कोहराम मच गया। ऋतिक के घर-परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल था।

Hrithik Verma drowning

सूचना मिलने पर सदर विधायक श्यामधनी राही, नायब तहसीलदार सदर नौगढ़ विजय कुमार श्रीवास्तव, लेखपाल विनय पांडेय, सोनाली, थाना अध्यक्ष उसका बाज़ार हरे कृष्ण उपाध्याय अपनी टीम के साथ, उपनिरीक्षक जगदीश प्रसाद पांडेय, ग्राम प्रधान चंद्रजीत जायसवाल और भाजपा नेता संपूर्णानंद पांडेय सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण कूड़ा नदी घाट पर जमा हो गए।

रविवार शाम 4 बजे से रात 8 बजे तक स्थानीय गोताखोरों और ग्रामीणों ने ऋतिक को खोजने की काफी कोशिश की, लेकिन उन्हें कोई सफलता नहीं मिली।

Hrithik Verma drowning

एसडीआरएफ की मदद से मिला शव

सोमवार सुबह, स्थानीय मछुआरों और एसडीआरएफ (State Disaster Response Force) की टीम के संयुक्त प्रयासों से, जाल के ज़रिए युवक ऋतिक का शव खोज कर नदी से बाहर निकाला गया। इस संबंध में थाना अध्यक्ष हरे कृष्ण उपाध्याय ने बताया कि शव का पंचनामा कर उसे अंतिम परीक्षण के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया गया है। इस दुखद घटना ने एक बार फिर नदियों और जलाशयों में सुरक्षा उपायों की आवश्यकता पर बल दिया है।

रिपोर्ट: जाकिर खान

Also Read: Fatehpur News: दलित परिवार का मकान गिराए जाने पर भड़के विधायक जयकुमार सिंह, बोले- अन्याय बर्दाश्त नहीं

Get real time updates directly on you device, subscribe now.