जगदंबिका पाल का तेजस्वी यादव पर तीखा तंज, बोले- कभी आतंकी व नक्सली करते थे चुनाव बहिष्कार की बात
Sandesh Wahak Digital Desk: बिहार में चल रहे स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) यानी मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण पर जारी विवाद के बीच, भाजपा सांसद जगदंबिका पाल ने एक बड़ा बयान दिया है। उन्होंने साफ कहा कि यह लड़ाई एसआईआर की नहीं, बल्कि अवैध रूप से रह रहे रोहिंग्या और बांग्लादेशियों को लेकर है। इस दौरान उन्होंने ‘चुनाव बहिष्कार’ के बयान पर तेजस्वी यादव को भी करारा जवाब दिया।
जगदंबिका पाल ने सवाल उठाया, रोहिंग्या-बांग्लादेशी या कोई गैर-कानूनी रूप से रहने वाला व्यक्ति, जो भारत का वोटर नहीं हो सकता है, क्या वह बिहार या बंगाल की सरकार चुनेगा? जगदंबिका पाल ने जोर देकर कहा कि जो भी 18 साल का भारतीय नागरिक है, वह वोटर बनेगा और भारत के हर नागरिक को मतदान का अधिकार है। उन्होंने कहा, इसलिए लड़ाई एसआईआर की नहीं है, यह लड़ाई रोहिंग्या और बांग्लादेशियों को लेकर है।
चुनाव बहिष्कार पर तेजस्वी यादव को घेरा
चुनाव बहिष्कार के मुद्दे पर तेजस्वी यादव के बयान पर जगदंबिका पाल ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, तेजस्वी यादव कह रहे हैं कि हम चुनाव का बहिष्कार कर सकते हैं। यह हम पहली बार देख रहे हैं कि लोकतंत्र में कोई राजनीतिक व्यक्ति बहिष्कार की बात करे। यह तो कभी जम्मू-कश्मीर में नक्सलवादी और आतंकवादी करते थे। आतंकवादी बहिष्कार की बात करते थे या माओवादी इस तरह की बात करते थे।
पूरे देश में एसआईआर अभियान चलाने की घोषणा पर जगदंबिका पाल ने बताया कि एसआईआर एक डोर-टू-डोर वेरिफिकेशन प्रक्रिया है। कोई भी भारतीय नागरिक, चाहे वह किसी भी धर्म का हो, अगर वोटर नहीं है तो उसे वोटर बनाया जाएगा और सभी को मतदान का मौका मिलेगा। उन्होंने कहा कि अगर बांग्लादेशी, रोहिंग्या या नेपाली नागरिक अवैध रूप से भारतीय वोटर बने हैं तो उन्हें हटाने की बात हो रही है, तो निश्चित तौर पर निर्वाचन आयोग निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव कराने के लिए ही यह कर रहा है।
Also Read: Bengaluru Stampede: RCB के घरेलू मैचों पर लगेगी रोक! कर्नाटक सरकार ने दिया आदेश

