बिहार के पत्रकारों को नीतीश सरकार का बड़ा तोहफा, पेंशन 6 हजार से बढ़कर 15 हजार रुपये हुई

Sandesh Wahak Digital Desk: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्य के पत्रकारों को एक बड़ी सौगात दी है। उन्होंने शनिवार को ऐलान किया कि ‘पत्रकार सम्मान पेंशन योजना’ के तहत अब सभी पात्र पत्रकारों को हर महीने 6 हजार की जगह 15 हजार रुपये पेंशन के तौर पर दिए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने खुद अपने सोशल मीडिया ‘एक्स’ हैंडल पर इसकी जानकारी दी है।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने पोस्ट में कहा, मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि बिहार ‘पत्रकार सम्मान पेंशन योजना’ के तहत अब सभी पात्र पत्रकारों को हर महीने 6 हजार की जगह 15 हजार रुपये पेंशन की राशि प्रदान करने का विभाग को निर्देश दिया है।

आश्रितों को भी मिलेगा अब ज्यादा लाभ

इतना ही नहीं, मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देश दिया है कि अगर योजना के अंतर्गत पेंशन प्राप्त कर रहे पत्रकार का निधन हो जाता है, तो उनके आश्रित पति या पत्नी को प्रतिमाह 3 हजार की जगह अब 10 हजार रुपये की पेंशन राशि मिलेगी।

नीतीश कुमार ने लोकतंत्र में पत्रकारों की अहम भूमिका पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा, लोकतंत्र में पत्रकारों की महत्वपूर्ण भूमिका है। वे लोकतंत्र के चौथे स्तंभ हैं और सामाजिक विकास में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। पत्रकारों की सुविधाओं का हम लोग शुरू से ख्याल रख रहे हैं, ताकि वे निष्पक्ष होकर अपनी पत्रकारिता कर सकें और सेवानिवृत्ति के उपरांत सम्मानजनक तरीके से अपना जीवन-यापन कर सकें।

Also Read: यूपी में पिछड़े वर्ग की बेटियों की शादी के लिए खुशखबरी, अनुदान राशि बढ़ाने की तैयारी में सरकार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.