Unnao News: CM योगी ने किया देश की पहली AI आधारित मल्टीडिसिप्लिनरी यूनिवर्सिटी का उद्घाटन

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के उन्नाव में शनिवार को इतिहास रचते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने देश की पहली एआई ऑगमेंटेड मल्टीडिसिप्लिनरी यूनिवर्सिटी, चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी (उन्नाव कैंपस) का भव्य उद्घाटन किया। लखनऊ-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर 2500 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हुआ यह स्मार्ट और अत्याधुनिक कैंपस अब राज्य को शिक्षा, तकनीक और स्टार्टअप के नए युग में ले जाने वाला है।

युवाओं के लिए बनेगा नवाचार और रोजगार का केंद्र

मुख्यमंत्री योगी ने यूनिवर्सिटी के पहले शैक्षणिक सत्र 2025-26 के विद्यार्थियों से संवाद करते हुए कहा, यह कैंपस उत्तर प्रदेश को टेक्नोलॉजी और नवाचार के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा। यह न सिर्फ शैक्षणिक उत्कृष्टता का प्रतीक बनेगा, बल्कि उत्तर भारत के युवाओं को रोजगार और स्टार्टअप के बेहतरीन अवसर भी देगा।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने यूनिवर्सिटी में दो प्रमुख ‘एआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE)’ और ‘सेंटर फॉर यूनिवर्सल बिजनेस एंड एंटरप्रेन्योरशिप (CUBE)’ का भी शुभारंभ किया। इन केंद्रों की स्थापना प्रतिष्ठित कंपनियों एसएएस (SAS) और केपीएमजी (KPMG) के सहयोग से की गई है। CUBE का उद्देश्य छात्रों में उद्यमिता की भावना को बढ़ावा देना, स्टार्टअप कल्चर को समर्थन देना और इनोवेशन को ज़मीन पर उतारना है।

शिक्षा और उद्योग का अनूठा संगम

यह कैंपस इंजीनियरिंग, कंप्यूटर साइंस, बिजनेस मैनेजमेंट, हेल्थ एंड लाइफ साइंसेज, ह्यूमेनिटीज और लीगल स्टडीज़ जैसे छह प्रमुख क्षेत्रों में कुल 39 इंडस्ट्री-ड्रिवन प्रोग्राम शुरू कर रहा है। इन कोर्सेस का फोकस छात्रों को मल्टीडिसिप्लिनरी स्किल्स और वैश्विक एक्सपोजर देना है ताकि वे भविष्य की नौकरियों के लिए तैयार रह सकें।

KPMG द्वारा शुरू किया गया सेंटर एआई-बेस्ड मार्केटिंग स्ट्रैटेजीज़ पर केंद्रित होगा। वहीं SAS कंप्यूटर विज़न और डीप टेक्नोलॉजी में एआई एप्लिकेशन पर काम करेगा। यूनिवर्सिटी प्रबंधन ने जानकारी दी कि जल्द ही Microsoft और Quick Heal भी दो और CoE स्थापित करने जा रहे हैं।

उद्घाटन समारोह में जुटी देश-विदेश की नामी हस्तियां

इस खास मौके पर राज्य सरकार के उच्च शिक्षा मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय, तकनीकी एवं निवेश मंत्री नंद गोपाल गुप्ता, उन्नाव सांसद साक्षी महाराज, यूनिवर्सिटी के चांसलर और राज्यसभा सांसद सतनाम सिंह संधू, एमडी जय इंदर सिंह संधू और प्रो-चांसलर प्रो. हिमानी सूद के साथ-साथ देश-विदेश की 20 से अधिक प्रतिष्ठित कंपनियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

यूनिवर्सिटी के चांसलर सतनाम सिंह संधू ने अपने संबोधन में कहा बीते 7-8 वर्षों में उत्तर प्रदेश ने शानदार तरक्की की है। राज्य की जीडीपी अब 25.48 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच चुकी है, जिससे यह भारत की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है।

उन्होंने आगे कहा, चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी का यह उत्तर प्रदेश कैंपस न केवल एजुकेशन हब बनेगा, बल्कि एआई-ड्रिवन विकास के लिए स्किल्ड टैलेंट तैयार करेगा। यह राज्य को भारत के विकास इंजन के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

Also Read: Jaunpur News: STF का बड़ा एक्शन, अवैध असलहा तस्करी गैंग का भंडाफोड़, दो तस्कर गिरफ्तार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.