बलिया में गरमाया सियासी संग्राम: पूर्व सांसद और पूर्व विधायक के समर्थकों में मारपीट, लाठी-डंडे और पत्थर चले, FIR दर्ज

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में रविवार शाम सियासत की गर्मी सड़कों पर उतर आई। बैरिया थाना क्षेत्र के सोनबरसा गांव में एक अंत्येष्टि कार्यक्रम के दौरान दो राजनीतिक धड़ों के बीच जबरदस्त झड़प हो गई। इस मारपीट में पूर्व विधायक सुरेंद्र सिंह, उनके बेटे विद्याभूषण उर्फ हजारी सिंह और पूर्व सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त के बेटे विपुलेंद्र प्रताप सिंह समेत कई लोग घायल हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शुरुआत तो एक शोक सभा से हुई थी। सोनबरसा गांव में सामू उपाध्याय की पत्नी के अंतिम संस्कार में दोनों नेता पक्ष अपने समर्थकों के साथ पहुंचे थे। लेकिन जैसे ही गंगा घाट से लौटते वक्त चिरैया मोड़ पर दोनों पक्ष आमने-सामने आए, माहौल गरमा गया। पहले जुबानी कहासुनी हुई और देखते ही देखते लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर चलने लगे। घटना में दोनों पक्षों के चार-चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस दौरान अफरातफरी मच गई। स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर भीड़ को तितर-बितर किया और हालात पर काबू पाया।

डकैती और हत्या के प्रयास में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज

बवाल इतना बढ़ा कि पुलिस को बलवा, डकैती और हत्या के प्रयास जैसी गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज करना पड़ा। पुलिस के मुताबिक, अब तक कुल 26 नामजद और कई अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किए गए हैं। सोनबरसा निवासी प्रशांत उपाध्याय की शिकायत पर पूर्व विधायक सुरेंद्र सिंह और उनके बेटे हजारी सिंह समेत 18 नामजद लोगों के खिलाफ केस दर्ज हुआ है।

दूसरी ओर, सुरेंद्र सिंह के बेटे विद्याभूषण सिंह की तहरीर पर पूर्व सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त के बेटे विपुलेंद्र प्रताप सिंह सहित 8 नामजद और 15 अज्ञात लोगों के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया गया है। एएसपी कृपा शंकर ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि घाट पर कहासुनी के बाद चिरैया मोड़ पर झगड़ा हिंसक हो गया। दोनों पक्षों की तहरीर पर कार्रवाई की जा रही है और जांच जारी है।

फिलहाल गांव में तनाव बना हुआ है, लेकिन पुलिस ने मौके पर अतिरिक्त फोर्स तैनात कर दी है। गांव में शांति बहाल करने की कोशिशें तेज हैं। बलिया की यह घटना बताती है कि राजनीतिक रंजिश कब और कहां हिंसा में बदल जाए, कुछ कहा नहीं जा सकता।

 

Also Read: ‘मंडला मर्डर्स’ की रिलीज़ से पहले लखनऊ पहुंचे एक्टर्स, पुरानी यादों…

Get real time updates directly on you device, subscribe now.