Bihar Election: नई वोटर लिस्ट का ड्राफ्ट जारी, 1 सितंबर तक दर्ज कराएं आपत्ति
Bihar Election: बिहार विधानसभा चुनाव से पहले चुनाव आयोग ने एक बड़ा कदम उठाया है। शुक्रवार, 1 अगस्त को राज्य की संशोधित वोटर लिस्ट का ड्राफ्ट जारी कर दिया गया है। बिहार के सभी 38 जिलाधिकारियों ने 243 विधानसभा क्षेत्रों और 90,817 मतदान केंद्रों के लिए तैयार की गई इस लिस्ट को मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के साथ साझा करना शुरू कर दिया है।
ऐसे देखें और दर्ज कराएं आपत्ति
आप इस लिस्ट को चुनाव आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर दोपहर 3 बजे के बाद देख सकते हैं। इसका मकसद चुनावों में पारदर्शिता लाना और हर योग्य मतदाता का नाम लिस्ट में शामिल करना है। अगर आपको लिस्ट में कोई गलती दिखती है या आपका नाम छूट गया है, तो आप 1 अगस्त से लेकर 1 सितंबर, 2025 तक अपनी आपत्ति या सुझाव दर्ज करा सकते हैं।
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने खुद इसकी जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि बिहार के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) और 243 निर्वाचक निबंधन अधिकारी (ईआरओ) इस दौरान सभी दावों और आपत्तियों पर विचार करेंगे।
जागरूकता अभियान से मिली मदद
पिछले कुछ महीनों से बिहार में मतदाता जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा था। इसमें ग्रामीण और शहरी इलाकों में कैंप लगाकर लोगों को वोटिंग लिस्ट में नाम जुड़वाने, हटाने या सुधारने की प्रक्रिया के बारे में बताया गया था।
Also Read: 30 साल बाद पैदा हुआ दुनिया का ‘सबसे बूढ़ा बच्चा’, हैरान कर देगी वजह

