Kanpur News: 108 बनी संजीवनी, चार घंटे की रेस्क्यू में बची डेढ़ साल के मासूम कपिल की जान

Kanpur News: घाटमपुर के महुआपुरवा गांव में शनिवार सुबह एक साल आठ महीने का कपिल पानी से भरे गड्ढे में गिरकर बेहोश हो गया। सांसें धीमी थीं, लेकिन जीवन की उम्मीद बाकी थी। सुबह करीब 7 बजे परिजनों की सूचना पर उपजिलाधिकारी घाटमपुर अबिचल प्रताप सिंह ने तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कराया, जिसे ‘ऑपरेशन संजीवनी’ नाम दिया गया।

परिजन पहले बच्चे को हमीरपुर अस्पताल ले गए, जहां से गंभीर हालत में हैलेट रेफर कर दिया गया। जिले भर का प्रशासन सक्रिय हो गया। एसीपी घाटमपुर कृष्णकांत की निगरानी में ट्रैफिक पुलिस ने 108 एम्बुलेंस के लिए रास्ता क्लीयर कराया। सीएमओ ने हैलेट इमरजेंसी टीम को अलर्ट कर दिया।

कपिल को हैलेट ले जाते परिजन।

करीब डेढ़ घंटे के सफर में एम्बुलेंस किसी भी बाधा में नहीं फंसी। एसडीएम लगातार वीडियो कॉल के जरिए बच्चे की मां और चाचा को मेडिकल अपडेट देते रहे। हैलेट पहुंचते ही डॉक्टरों ने तुरंत इलाज शुरू किया। 40 मिनट में कपिल को चेतना लौट आई। डॉक्टरों के मुताबिक, बच्चा अब खतरे से बाहर है। हैलेट के डॉक्टरों का कहना है कि यदि 15 मिनट की भी देरी होती, तो स्थिति बेहद गंभीर हो सकती थी।

बच्चे के पिता राजाराम ने प्रशासन की त्वरित कार्रवाई के लिए आभार जताया। जिलाधिकारी जितेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा कि सूचना मिलते ही निर्देश जारी किए गए और समन्वित प्रयासों से समय पर चिकित्सा सुविधा मिल सकी। एसडीएम अबिचल प्रताप सिंह ने इसे पूरी टीम की सक्रियता और समर्पण का परिणाम बताया।

Also Read : Kanpur News: संदिग्ध हालत में युवक का मिला शव, परिजनों ने हत्या की जताई आशंका, पुलिस जांच में जुटी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.