Chitrakoot News: अब्बास अंसारी के गैंगस्टर केस में जज ने एसपी समेत तीन अधिकारियों को लगाई फटकार

Chitrakoot News: पूर्वांचल के पूर्व डॉन मुख्तार अंसारी के बेटे और पूर्व विधायक अब्बास अंसारी के खिलाफ चल रहे गैंगस्टर केस में पुलिस की बड़ी लापरवाही सामने आई है। अपर सत्र न्यायाधीश (विशेष न्यायधीश) रवि कुमार दिवाकर ने कुर्की की कार्रवाई से जुड़े कागजात समय पर कोर्ट में पेश न करने के लिए चित्रकूट के एसपी, सीओ और विवेचक को फटकार लगाई है।

न्यायाधीश ने कहा कि पुलिस इस मामले में सही पैरवी नहीं कर रही है और आरोपियों से जुड़े सभी कागजात उपलब्ध नहीं कराए गए हैं। इसे दंडनीय अपराध मानते हुए न्यायाधीश ने पुलिस के उच्च अधिकारियों को इन तीनों पर विभागीय कार्रवाई करने के लिए पत्र भी लिखा है।

8 महीने बाद भी नहीं जमा किए कागज़ात

पुलिस ने 31 अगस्त, 2024 को अब्बास अंसारी और उनके चार सहयोगियों पर गैंगस्टर की कार्रवाई की थी और 30 नवंबर, 2024 को आरोप पत्र दाखिल करके कुर्की का वारंट लिया था।

न्यायाधीश ने नाराजगी जताते हुए कहा कि 8 महीने बीत जाने के बाद भी पुलिस ने कुर्की की कार्रवाई के लिए आरोपियों के पूरे कागजात और विवरण कोर्ट में जमा नहीं किए हैं। उन्होंने आशंका जताई है कि आरोपियों को अनुचित तरीके से फायदा पहुँचाने की कोशिश की जा रही है।

इस मामले में चित्रकूट के एसपी अरुण कुमार सिंह, सीओ राजकमल और थाना सरधुआ के प्रभारी राम सिंह की लापरवाही साफ दिख रही है। कोर्ट ने इन तीनों अधिकारियों के खिलाफ डीजीपी, मुख्य सचिव और एडीजी को कार्रवाई के लिए पत्र लिखा है।

Also Read: Lucknow News: I-CAN अभियान के तहत इंटीग्रल यूनिवर्सिटी का बड़ा कदम, गांव-गांव पहुंच रहीं स्वास्थ्य सेवाएं

Get real time updates directly on you device, subscribe now.