Jhansi News: पूर्व ADGC भानु प्रकाश सरवरिया की संदिग्ध मौत, हत्या की आशंका
Jhansi News: उत्तर प्रदेश के झांसी जिले में एक पूर्व अपर जिला शासकीय अधिवक्ता (ADGC) भानु प्रकाश सरवरिया की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। उनका शव तालपुरा स्थित उनके घर में मिला। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है।
पुलिस के अनुसार, 62 वर्षीय भानु प्रकाश मंगलवार सुबह सैर से लौटे थे और अपने कमरे में सो गए। जब काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला, तो किराएदार ने पुलिस को सूचना दी। दरवाजा खोलने पर उनका शव जमीन पर पड़ा मिला।
बेटी ने लगाए हत्या के आरोप
भानु प्रकाश सरवरिया की बेटी कविता ने इसे हत्या का मामला बताया है। उन्होंने कहा कि उनके पिता के पैर में रस्सी बंधी थी और गले पर भी चोट के निशान थे, जिससे साफ लगता है कि उनकी हत्या की गई है। उन्होंने यह भी बताया कि घर में कुछ कागजात बिखरे हुए थे। चूंकि उनकी माँ की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है, इसलिए वे कुछ भी बताने की हालत में नहीं हैं।
मौके पर पहुँचे वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) बीबी जीटीएस मूर्ति ने बताया कि यह मौत संदिग्ध है। उन्होंने कहा, बाहर से किसी के आने के कोई निशान नहीं हैं, फिर भी हम सभी पहलुओं की जाँच कर रहे हैं। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह का पता चल पाएगा।
Also Read: आगरा में ‘अटल पुरम’ टाउनशिप की शुरुआत, सीएम योगी ने दिया विकास का तोहफा

