Lucknow News: गोमतीनगर को जाम से मिलेगी राहत, 1090 चौराहे पर बनेगा फ्लाईओवर
Sandesh Wahak Digital Desk: लखनऊ में यातायात को सुगम बनाने और जाम की समस्या को खत्म करने के उद्देश्य से गोमतीनगर क्षेत्र में दो नए फ्लाईओवर का निर्माण प्रस्तावित है। ये फ्लाईओवर ग्रीन कॉरिडोर परियोजना के अंतर्गत बनाए जाएंगे और इसके माध्यम से शहर के मुख्य मार्गों को बिना अवरोध जोड़ा जाएगा।
1090 चौराहे के पास बनेगा पहला फ्लाईओवर
प्रस्तावित पहला फ्लाईओवर बैकुंठधाम से शुरू होकर लामार्ट बॉयज स्कूल तक जाएगा। इसकी कुल लंबाई 2.02 किलोमीटर होगी और इसे चार लेन में विकसित किया जाएगा। परियोजना की अनुमानित लागत करीब 570 करोड़ रुपये है।
एलडीए (लखनऊ विकास प्राधिकरण) के अनुसार, यह फ्लाईओवर 1090 चौराहे के पास से होकर गुजरेगा लेकिन चौराहे के ऊपर से नहीं, जिससे मौजूदा यातायात व्यवस्था प्रभावित नहीं होगी। टेंडर प्रक्रिया आगामी तीन महीनों में पूरी कर ली जाएगी और निर्माण कार्य को साल 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य है।
दूसरा फ्लाईओवर जोड़ेगा G-20 रोड को शहीद पथ से
दूसरा फ्लाईओवर जी-20 रोड को सीधे शहीद पथ और इकाना स्टेडियम से जोड़ेगा। इस फ्लाईओवर की लंबाई 2.20 किलोमीटर होगी और इसके निर्माण में लगभग 430 करोड़ रुपये की लागत आएगी।
इस फ्लाईओवर की विशेषता यह होगी कि इसमें हाईवे स्टाइल ‘क्लोवर लीफ इंटरचेंज सिस्टम’ बनाया जाएगा। इसके तहत वाहन बिना रुके और ट्रैफिक लाइट के एक दिशा से दूसरी दिशा में आसानी से आ-जा सकेंगे। यह सिस्टम राष्ट्रीय राजमार्गों की तर्ज पर विकसित किया जाएगा।
लोगों को मिलेगा ट्रैफिक जाम से छुटकारा
फ्लाईओवरों के निर्माण से 1090 चौराहा और समता मूलक चौक पर लगने वाले जाम से राहत मिलने की उम्मीद है। इसके अलावा, आईआईएम रोड से शहीद पथ तक की यात्रा भी सुगम हो जाएगी। प्रथमेश कुमार, उपाध्यक्ष, एलडीए ने बताया इन दोनों फ्लाईओवर के निर्माण से गोमतीनगर क्षेत्र का ट्रैफिक दबाव कम होगा और लोगों को सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी।
Also Read: प्रयागराज में STF का बड़ा ऑपरेशन: मुठभेड़ में गैंगस्टर आशीष रंजन गिरफ्तार, हथियार बरामद

