राहुल गांधी का चुनाव आयोग पर बड़ा आरोप, महाराष्ट्र चुनाव में 40 लाख वोट फर्जी, BJP ने मिलकर की धांधली
Sandesh Wahak Digital Desk: लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने गुरुवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव का डेटा दिखाते हुए दावा किया कि चुनावों में बड़े पैमाने पर धांधली हुई है और 40 लाख से ज्यादा वोट “रहस्यमयी” तरीके से जोड़े गए हैं।
महाराष्ट्र चुनाव पूरी तरह से चोरी किया गया
राहुल गांधी ने कहा कि महाराष्ट्र में पिछले 5 महीनों में लाखों मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट में जोड़े गए, जो बहुत ही चिंताजनक है। उन्होंने कहा, लोकसभा चुनाव में हमारी शानदार जीत हुई, लेकिन विधानसभा चुनाव में हमें पूरी तरह हार का सामना करना पड़ा। यह बहुत ही संदिग्ध है।
उन्होंने बताया कि कांग्रेस के विश्लेषण में पता चला है कि लोकसभा और विधानसभा चुनाव के बीच 1 करोड़ नए वोटर जोड़े गए। राहुल ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग ने मतदाता सूची देने से इनकार कर दिया और यहाँ तक कि सीसीटीवी फुटेज भी नष्ट करने की बात कही, जो चौंकाने वाली थी।
BJP एंटी-इनकम्बेंसी से प्रभावित नहीं होती
राहुल गांधी ने कहा कि हर लोकतंत्र में सत्ताधारी पार्टी को सत्ता विरोधी लहर का सामना करना पड़ता है, लेकिन बीजेपी एकमात्र ऐसी पार्टी है, जो इस लहर से प्रभावित नहीं होती। उन्होंने हरियाणा और मध्य प्रदेश विधानसभा चुनावों का भी जिक्र किया, जहाँ एग्जिट पोल और ओपिनियन पोल कुछ और दिखा रहे थे, लेकिन नतीजे पूरी तरह से उलट आए।
राहुल ने कहा, हमारे आंतरिक सर्वेक्षण और बाकी पोल्स भी एक खास रुझान दिखा रहे थे, लेकिन परिणामों में भारी बदलाव देखने को मिला। यह न केवल आश्चर्यजनक है, बल्कि संविधान के ‘एक व्यक्ति, एक वोट’ के सिद्धांत पर भी सवाल उठाता है।
Also Read: उप-राष्ट्रपति चुनाव की तारीखों का ऐलान, 9 सितंबर को होगा मतदान

