Kulgam Encounter: ऑपरेशन अखल 9वें दिन भी जारी, 2 जवान शहीद, 3 आतंकी ढेर
Sandesh Wahak Digital Desk: जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले के अकाल वन क्षेत्र में सेना और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ नौवें दिन भी जारी है। इस बड़े ऑपरेशन को ‘ऑपरेशन अखल’ नाम दिया गया है। अब तक इस मुठभेड़ में तीन आतंकियों के मारे जाने की सूचना है, हालांकि केवल एक आतंकवादी का शव ही बरामद किया जा सका है।
दो जवान शहीद, 4 घायल
रात भर चली भीषण गोलीबारी में सेना के दो बहादुर जवान शहीद हो गए हैं, जबकि चार अन्य घायल हुए हैं। भारतीय सेना ने इन शहीदों की पहचान लांस नायक प्रितपाल सिंह और सिपाही हरमिंदर सिंह के रूप में की है। भारतीय सेना के चिनार कोर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर शोक व्यक्त करते हुए कहा, “सेना शोक संतप्त परिवारों के साथ एकजुटता से खड़ी है। ऑपरेशन अभी भी जारी है।”
घाटी में सबसे लंबा ऑपरेशन
यह मुठभेड़ 1 अगस्त, 2025 को अखल देवसर इलाके में शुरू हुई थी, जो इस साल कश्मीर घाटी में चलाया गया सबसे लंबा आतंकवाद विरोधी अभियान बन गया है। इस ऑपरेशन में भारतीय सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और सीआरपीएफ संयुक्त रूप से काम कर रहे हैं। पूरे इलाके में सुरक्षा बलों ने कड़ी घेराबंदी की हुई है और आतंकियों के साथ लगातार मुठभेड़ जारी है।
किश्तवाड़ में भी कार्रवाई
वहीं दूसरी ओर, जम्मू-कश्मीर पुलिस ने किश्तवाड़ जिले में पाकिस्तान में बैठे आतंकवादी गुर्गों के ठिकानों पर छापेमारी की है। यह जानकारी डीएसपी मुख्यालय किश्तवाड़ द्वारा दी गई है। यह कार्रवाई आतंकवाद को जड़ से खत्म करने के प्रयासों का हिस्सा है।
Also Read: Raksha Bandhan: मुफ्त बस यात्रा पर उमड़ा जनसैलाब, लखनऊ के बस अड्डों और रेलवे स्टेशनों पर भारी भीड़

