किसान पारंपरिक तरीके अपनाकर अपनी आय दोगुनी करें – राज्यसभा सांसद अरुण सिंह

Sandesh Wahak Digital Desk: मिर्जापुर जिले में हलिया के हथेड़ा गांव में आयोजित एक कृषि कार्यशाला में राज्यसभा सांसद और भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने किसानों से अपनी आय दोगुनी करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि किसान पारंपरिक तरीकों से खेती करके अपनी आमदनी बढ़ा सकते हैं।

इस कार्यशाला का आयोजन धानुका एग्रीटेक लिमिटेड और गिरिजा देवी सेवा समिति ने मिलकर किया था। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुए अरुण सिंह ने किसानों को नकली बीज और कीटनाशकों से सावधान रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि कोई भी कृषि सामग्री खरीदते समय बिल जरूर लें।

अरुण सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की किसान हितैषी नीतियों की सराहना करते हुए कहा, “प्रधानमंत्री किसानों की आय दोगुनी करने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं। यही वजह है कि वह अमेरिका के दबाव में नहीं झुक रहे हैं।” उन्होंने बताया कि अमेरिका भारत को 12 रुपये प्रति किलो के हिसाब से गेहूं और 25 रुपये प्रति लीटर की दर से दूध बेचना चाहता है, लेकिन प्रधानमंत्री किसानों के हितों को ध्यान में रखकर काम कर रहे हैं।

वैज्ञानिक तरीकों से खेती पर जोर

धानुका एग्रीटेक लिमिटेड के चेयरमैन आर.जी. अग्रवाल ने कहा कि किसान विज्ञान को अपनाकर और पारंपरिक खेती के तरीकों का इस्तेमाल करके अपनी आय बढ़ा सकते हैं।

वहीं, कृषि वैज्ञानिक राम सिंह ने गौ-आधारित खेती के फायदे बताए। उन्होंने कहा कि किसान इस तरीके से खेती करके कम लागत में ज्यादा मुनाफा कमा सकते हैं। इसके लिए किसानों को मिट्टी का स्वास्थ्य परीक्षण कराना चाहिए और मृदा स्वास्थ्य कार्ड के आधार पर संतुलित मात्रा में खाद का उपयोग करना चाहिए।

इस मौके पर एमएलसी श्याम नारायण सिंह, विधायक रमाशंकर पटेल और जिला सहकारी बैंक के सभापति जगदीश सिंह पटेल सहित कई गणमान्य व्यक्ति और सैकड़ों किसान मौजूद रहे।

रिपोर्ट: अशोक सिंह

 

Also Read: Lucknow News: आज से लागू हुआ रूट डायवर्जन, जानें कहां से होकर गुजरेंगी गाड़ियां?

Get real time updates directly on you device, subscribe now.