‘ये नकली गांधी हैं, इनकी वोट अधिकार यात्रा से क्या होगा’, गिरिराज सिंह का राहुल गांधी पर बड़ा हमला

Sandesh Wahak Digital Desk: केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने राहुल गांधी को ‘नकली गांधी’ बताते हुए उन पर झूठ बोलने का आरोप लगाया। गिरिराज सिंह ने कहा कि भारत असली गांधी की धरती है और यहां नकली गांधी का कोई काम नहीं है।

‘क्या राहुल देश को बांग्लादेश बनाना चाहते हैं?’

एक न्यूज़ एजेंसी से बात करते हुए गिरिराज सिंह ने कांग्रेस की ‘वोट अधिकार यात्रा’ पर सवाल उठाया। उन्होंने पूछा राहुल गांधी इस यात्रा से क्या हासिल करना चाहते हैं? क्या वह देश को बांग्लादेश बनाना चाहते हैं? अगर वह ऐसा करने की कोशिश करेंगे, तो लोग उन्हें इसकी सजा देंगे। गिरिराज सिंह ने कहा कि राहुल गांधी प्रधानमंत्री मोदी से 29 से ज्यादा चुनावों में हार चुके हैं, जिनमें राज्य, उपचुनाव और केंद्र के चुनाव शामिल हैं। उन्होंने कहा कि जनता उन्हें सबक सिखाएगी।

‘पीएम मोदी गरीबों के मसीहा, उन्हें पूजा जाएगा’

गिरिराज सिंह ने प्रधानमंत्री मोदी की तारीफ करते हुए कहा कि पीएम मोदी गरीबों के मसीहा हैं और आने वाले दिनों में उन्हें पूजा जाएगा। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने 27 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकाला, जबकि इंदिरा गांधी के गरीबी हटाओ के नारे के बावजूद ऐसा नहीं हो पाया था। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने लोगों को बिजली, पानी, गैस और घर दिया, साथ ही इलाज के लिए 5 लाख रुपये भी दिए, जिससे वह गरीबों के दिल में बस गए हैं।

राहुल गांधी के ‘वोट चोरी’ के आरोपों पर गिरिराज सिंह ने कहा वे झूठ बोल रहे हैं। अगर उनमें हिम्मत है, तो उन्हें इन आरोपों को कानूनी तौर पर चुनौती देनी चाहिए। वे कह रहे हैं कि 65 लाख मतदाताओं के नाम हटा दिए गए हैं, तो उन्हें इन नामों की सूची चुनाव आयोग को सौंपनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा, नकली गांधी भी जेल जाएगा, नकली युवराज भी जेल जाएगा। हमारी पार्टी ने दिखाया है कि वे लोग नकली हैं और उनके दो जगह नाम हैं।

Also Read: ‘आजादी की बातें करते हैं पर काम गुलामी वाला’, CM योगी का विपक्ष पर करारा वार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.