Lucknow News: शादी का झांसा देकर बीजेपी नेत्री से छेड़छाड़, मारुति के असिस्टेंट मैनेजर पर केस दर्ज
Sandesh Wahak Digital Desk: लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी इलाके में एक बीजेपी महिला नेत्री ने मारुति कंपनी के असिस्टेंट सर्विस मैनेजर पर शादी का झांसा देकर छेड़छाड़ का आरोप लगाया है। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने मैट्रिमोनियल साइट पर फर्जी प्रोफाइल बनाकर उसे फंसाया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।
क्या है पूरा मामला?
सुशांत गोल्फ सिटी की रहने वाली बीजेपी महिला बूथ अध्यक्ष ने पुलिस को बताया कि उनकी मुलाकात जीवनसाथी.कॉम पर हर्षवर्धन कश्यप नाम के एक शख्स से हुई थी। आरोपी ने खुद को मारुति कंपनी में असिस्टेंट सर्विस मैनेजर बताया और दावा किया कि उसका 5 साल पहले तलाक हो चुका है। पीड़िता के अनुसार, 13 जून को आरोपी ने उन्हें अंसल पार्क बुलाया और शादी का प्रस्ताव रखा। इसी दौरान उसने अंधेरे का फायदा उठाकर गलत हरकत की। पीड़िता ने बताया कि शादी के वादे के चलते वह चुप रहीं। आरोपी ने 12 जुलाई को सगाई की तारीख भी तय कर दी थी।
सच्चाई आई सामने, आरोपी निकला शादीशुदा
पीड़िता के मुताबिक, सगाई से ठीक एक दिन पहले हर्षवर्धन ने उन्हें वॉट्सऐप पर फोन करके सारी चैट्स और तस्वीरें डिलीट करने की धमकी दी। इसके बाद उसने पीड़िता से संपर्क तोड़ दिया। जांच में पता चला कि आरोपी हर्षवर्धन शादीशुदा है और दो बच्चों का पिता है, जबकि उसने खुद को तलाकशुदा बताया था। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने लड़कियों को फंसाने के लिए मैट्रिमोनियल साइट पर गलत जानकारी और फर्जी पता दिया था। सुशांत गोल्फ सिटी थाने के इंस्पेक्टर ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस आरोपी के वैवाहिक जीवन और उसके प्रोफाइल की जांच कर रही है।
Also Read: ‘ये नकली गांधी हैं, इनकी वोट अधिकार यात्रा से क्या होगा’, गिरिराज सिंह का राहुल गांधी पर बड़ा हमला

