Ayodhya News: ऑपरेशन सिंदूर से भारतीय सेना का शौर्य वैश्विक पटल पर स्थापित : कुलपति
Ayodhya News: अवध विश्वविद्यालय में 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस का आयोजन बड़े हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत कुलपति कर्नल डॉ. बिजेंद्र सिंह द्वारा परिसर स्थित डॉ. राममनोहर लोहिया, महात्मा गांधी, स्वामी विवेकानंद एवं सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण और पुष्प अर्पित करने से हुई। इसके पश्चात प्रशासनिक भवन पर तिरंगा फहराकर राष्ट्रगान गूंजा।

अपने संबोधन में कुलपति ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस भारत की गौरवगाथा का वह सुनहरा अध्याय है, जो लंबे संघर्ष, अटूट संकल्प और बलिदानों के बाद हमें प्राप्त हुआ। यह दिन केवल आजादी का प्रतीक नहीं, बल्कि उन असंख्य वीरों की शौर्यगाथाओं का साक्षी है, जिन्होंने अपने प्राणों की आहुति देकर देश को स्वतंत्र कराया। उन्होंने कहा कि यह स्वतंत्रता केवल राजनीतिक आजादी तक सीमित नहीं थी, बल्कि इसने सामाजिक, आर्थिक और सांस्कृतिक नवजागरण की राह भी प्रशस्त की।

अभियान ने भारतीय सेना के शौर्य को वैश्विक पटल पर स्थापित कर दिया अभियान ने भारतीय सेना के शौर्य को वैश्विक पटल पर स्थापित कर दिया
कुलपति ने भगत सिंह, राजगुरु, सुखदेव, नेताजी सुभाष चंद्र बोस, चंद्रशेखर आजाद और अशफाक उल्ला खां जैसे वीर सपूतों को नमन करते हुए कहा कि उनका बलिदान सदैव प्रेरणा देता रहेगा। उन्होंने विशेष रूप से ऑपरेशन सिंदूर का उल्लेख करते हुए कहा कि इस अभियान ने भारतीय सेना के शौर्य को वैश्विक पटल पर स्थापित कर दिया है। हमारे वीर सैनिकों ने अदम्य साहस और अद्वितीय रणनीति से दुनिया के सामने एक नई मिसाल पेश की है, जो भारत की रक्षा क्षमता का प्रमाण है।
समूह प्रस्तुतियों से उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया।समूह प्रस्तुतियों से उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया
स्वतंत्रता दिवस पर अधिष्ठाता छात्र कल्याण के नेतृत्व में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित हुए। विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीत, वीर सपूतों के बलिदान पर आधारित नृत्य और समूह प्रस्तुतियों से उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया। विशेष रूप से निधि सिन्हा, निष्ठा एवं फार्मेसी की छात्राओं के समूह नृत्य ने राष्ट्रभक्ति की भावना को चरम पर पहुंचा दिया। मंच संचालन मीनाक्षी पाठक और श्रृजनिका मिश्रा ने कुशलता से किया।

इस अवसर पर एनसीसी कैडेट्स ने कुलपति को परेड सलामी दी। कार्यक्रम में कुलानुशासक प्रो. एस. एस. मिश्र, प्रो. आशुतोष सिन्हा, प्रो. सी. के. मिश्र, प्रो. संजय पाठक, प्रो. सिद्धार्थ शुक्ल, प्रो. नीलम पाठक, प्रो. शैलेंद्र कुमार वर्मा, प्रो. हिमांशु शेखर सिंह, प्रो. अनूप कुमार, प्रो. के. के. वर्मा, प्रो. फर्रुख जमाल, प्रो. गंगाराम मिश्र, प्रो. संग्राम सिंह, प्रो. विनोद श्रीवास्तव, डॉ. विनोद कुमार चौधरी, डॉ. पी. के. द्विवेदी, उप कुलसचिव दिनेश मौर्य, डॉ. रीमा श्रीवास्तव, सहायक अभियंता आर. के. सिंह सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, अधिकारी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

