यूपी में आज से शुरू हुआ सालाना FASTag, जानिए कैसे करेगा काम और क्या मिलेंगी सुविधाएं?

Sandesh Wahak Digital Desk: निजी चार-पहिया वाहन मालिकों के लिए एक बड़ी राहत की खबर है। पूरे देश के साथ-साथ उत्तर प्रदेश के टोल प्लाजा पर भी शुक्रवार, 15 अगस्त, 2025 की आधी रात से सालाना FASTag की सुविधा शुरू हो गई है। इस नई व्यवस्था के तहत, वाहन मालिक मात्र ₹3000 का रिचार्ज कराकर एक साल में 200 बार टोल प्लाजा से गुजर सकेंगे।

क्या हैं इस सुविधा के नियम?

यह सुविधा केवल निजी कारों, जीपों और वैन के लिए है। यदि 365 दिन की समय सीमा से पहले ही 200 टोल क्रॉसिंग पूरे हो जाते हैं, तो फास्टैग को दोबारा रिचार्ज कराना होगा। इसके लिए गाड़ियों का चेसिस नंबर दर्ज कराना अनिवार्य होगा।

एनएचएआई के प्रोजेक्ट डायरेक्टर पंकज यादव ने बताया कि निजी वाहन मालिक ‘राजमार्ग यात्रा’ एप के जरिए इस वार्षिक फास्टैग की प्री-बुकिंग करा सकते हैं। जिन लोगों ने पहले से बुकिंग कराई थी, उनका फास्टैग 15 अगस्त की आधी रात से ही एक्टिवेट हो गया है।

ऐसे काम करेगा नया सिस्टम

  • टोल प्लाजा क्रॉस करते ही वाहन मालिक को एक मैसेज मिलेगा, जिसमें सुविधा की शेष जानकारी होगी।
  • वार्षिक फास्टैग को वाहन की विंड शील्ड पर चिपकाना अनिवार्य है, ऐसा न करने पर इसे ब्लैकलिस्ट कर दिया जाएगा।
  • ऐसे एक्सप्रेसवे, जहां वाहन एक टोल प्लाजा से प्रवेश कर दूसरे से निकलते हैं, वहाँ प्रवेश और निकासी को एक ही क्रॉसिंग के रूप में गिना जाएगा।
  • यह सुविधा देशभर के राष्ट्रीय राजमार्गों, एक्सप्रेसवे और एनएचएआई की रिंग रोड पर मिलेगी।

टोल प्लाजा से 20 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले जिन निजी वाहन मालिकों के पास मंथली पास हैं, उन्हें यह सुविधा मिलती रहेगी। उनके मासिक पास के इस्तेमाल को वार्षिक फास्टैग की गिनती में शामिल नहीं किया जाएगा।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.