बदायूं में पुलिस मुठभेड़, दरोगा की मां का हत्यारा हिस्ट्रीशीटर धीरेंद्र गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

Sandesh Wahak Digital Desk: बदायूं जिले के इस्लामनगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक हत्यारोपी हिस्ट्रीशीटर को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। शुक्रवार (15 अगस्त 2025) की देर रात करीब दो बजे हुई इस मुठभेड़ में आरोपी के पैर में गोली लगी है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर दरोगा की माँ से लूटे गए सोने के कुंडल भी बरामद किए हैं।

11 अगस्त को इस्लामनगर थाना क्षेत्र के मौसमपुर गाँव में हापुड़ जिले में तैनात दरोगा मानवीर सिंह यादव की 65 वर्षीय माँ, रातरानी उर्फ ज्ञानदेवी की घर में घुसकर गला रेतकर हत्या कर दी गई थी। दरोगा ने पड़ोस के ही रहने वाले हिस्ट्रीशीटर धीरेंद्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था, क्योंकि छह महीने पहले गेहूं चोरी को लेकर उनका अपनी माँ से विवाद हुआ था। आरोपी रातरानी के कान के कुंडल, नाक की नथ और पाजेब लूटकर भाग गया था।

चार टीमें कर रही थीं तलाश, पुलिस की जवाबी फायरिंग में हुआ घायल

एसएसपी ने धीरेंद्र की गिरफ्तारी के लिए चार टीमें गठित की थीं। शुक्रवार रात को इंस्पेक्टर विशाल प्रताप को सूचना मिली कि धीरेंद्र पड़ोसी गाँव अलीनगर के जंगल में छिपा हुआ है। पुलिस ने मौके पर पहुँचकर घेराबंदी की, तो धीरेंद्र ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी फायरिंग में एक गोली धीरेंद्र के बाएं पैर में लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा और पुलिस ने उसे दबोच लिया।

पुलिस ने धीरेंद्र से लूटे गए सोने के कुंडल के अलावा एक तमंचा, कारतूस और तीन खोखे बरामद किए हैं। आरोपी धीरेंद्र को इलाज के लिए रुदायन सीएचसी में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलने पर नवागत एसपी देहात हृदेश कठेरिया ने मौके पर पहुंचकर मुठभेड़ स्थल का जायजा लिया। आरोपी पर चोरी, आर्म्स एक्ट और धोखाधड़ी समेत 12 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।

Also Read: यूपी में आज से शुरू हुआ सालाना FASTag, जानिए कैसे करेगा काम और क्या मिलेंगी सुविधाएं?

Get real time updates directly on you device, subscribe now.