Jhansi News: झांसी में बोरे में बंद मिली युवती की सिरकटी लाश, सिर की तलाश में जुटी पुलिस

Jhansi News: उत्तर प्रदेश के झांसी जिले के टोड़ी फतेहपुर थाना क्षेत्र के किशोरपुरा गांव में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक खेत में बने कुएं से युवती की सिरकटी लाश बरामद हुई है। शव बोरे में भरकर कुएं में फेंका गया था। मामले की जानकारी मिलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

शव के साथ ईंट-पत्थर भी भरे गए थे

महोबा रोड स्थित किशोरपुरा निवासी विनोद पटेल के खेत में बुधवार को तेज दुर्गंध आने पर ग्रामीणों ने कुएं में झांका तो उन्हें दो बोरियां उतराती दिखीं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों बोरियों को बाहर निकलवाया। खोलने पर उसमें युवती के कटे हुए अंग मिले। एक बोरी में गर्दन से कमर तक का हिस्सा था, जबकि दूसरी में कमर से जांघ तक का हिस्सा बरामद हुआ। शव के साथ ईंट-पत्थर भी भरे गए थे, ताकि बोरे पानी के ऊपर न तैर सकें।

हत्यारों ने शिनाख्त छिपाने के लिए सिर को कहीं और फेंक दिया

शव करीब 25 से 30 वर्ष की किसी युवती का प्रतीत हो रहा है। ग्रामीणों से पूछताछ के बावजूद मृतका की पहचान नहीं हो सकी। खास बात यह है कि लाश का सिर गायब है, जिसके कारण पुलिस को आशंका है कि हत्यारों ने शिनाख्त छिपाने के लिए सिर को कहीं और फेंक दिया है।

जंगल और झाड़ियों में भी कांबिंग कराई गई

एसपीआरए डॉ. अरविंद कुमार ने बताया कि युवती के सिर की तलाश के लिए पुलिस टीमों ने आसपास के कुओं, बाबड़ियों और तालाबों में खोजबीन की। इसके अलावा जंगल और झाड़ियों में भी कांबिंग कराई गई, लेकिन सिर नहीं मिल सका। उनका कहना है कि संभावना है कि सिर आसपास ही कहीं फेंका गया हो।

पोस्टमार्टम 72 घंटे बाद किया जाएगा

इधर, मृतका की शिनाख्त के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। पुलिस ने आसपास के थानों और चौकियों से हाल में दर्ज गुमशुदगी रिपोर्ट की जानकारी मांगी है। साथ ही ललितपुर, महोबा और अन्य जिलों को भी सूचना भेजी गई है। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया गया है। अधिकारियों ने बताया कि शव तीन दिन पुराना हो सकता है और उसका पोस्टमार्टम 72 घंटे बाद किया जाएगा।

हत्यारों ने घटना को छिपाने की पूरी कोशिश की

ग्रामीणों का कहना है कि जिस तरह से युवती की बेरहमी से हत्या कर उसके शव के टुकड़े बोरी में बंद कर कुएं में फेंके गए, उससे साफ है कि हत्यारों ने घटना को छिपाने की पूरी कोशिश की। हालांकि, पुलिस का दावा है कि जल्द ही मृतका की पहचान और आरोपियों का सुराग लगाया जाएगा।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.