अमेरिकी टैरिफ पर सीएम एमके स्टालिन ने जताई चिंता, पीएम मोदी को लिखा पत्र
Sandesh Wahak Digital Desk: तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर अमेरिका द्वारा 50% टैरिफ लगाने के फैसले पर गहरी चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि यह निर्णय राज्य के औद्योगिक और निर्यात क्षेत्र पर गंभीर प्रभाव डाल सकता है।
भारत-अमेरिका व्यापार समझौते की सराहना
स्टालिन ने पत्र में भारत सरकार की ओर से अमेरिका के साथ पारस्परिक लाभकारी व्यापार समझौते की दिशा में हो रही कोशिशों की सराहना की। उन्होंने कहा कि तमिलनाडु सरकार राष्ट्रीय हितों की रक्षा में केंद्र सरकार के साथ खड़ी है।
क्यों बढ़ी चिंता
मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले वित्तीय वर्ष में भारत के कुल 433.6 अरब डॉलर के निर्यात का 20% हिस्सा अमेरिका को गया। वहीं, तमिलनाडु ने अपने 52.1 अरब डॉलर के निर्यात का 31% हिस्सा अमेरिका को भेजा। यानी, राज्य अमेरिकी बाजार पर अत्यधिक निर्भर है और टैरिफ बढ़ोतरी का असर अन्य राज्यों की तुलना में यहां अधिक होगा।
उद्योग और रोजगार पर खतरा
स्टालिन ने कहा कि कपड़ा, परिधान, मशीनरी, ऑटोमोबाइल, रत्न-आभूषण, चमड़ा, जूते, समुद्री उत्पाद और रसायन जैसे श्रम-प्रधान उद्योग सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं। विशेषकर कपड़ा उद्योग, जो भारत के निर्यात में 28% योगदान देता है और करीब 75 लाख लोगों को रोजगार देता है, गहरे संकट का सामना कर रहा है। अनुमान है कि अगर टैरिफ 50% हो गया तो 30 लाख लोगों की नौकरियां खतरे में पड़ सकती हैं।
Also Read: Asia Cup 2025: संजू सैमसन, रिंकू सिंह और तिलक वर्मा बाहर, ये है वर्ल्ड चैंपियन की प्लेइंग-11

