पीएम मोदी ने उपराष्ट्रपति उम्मीदवार को सांसदों से मिलवाया, विपक्षी दलों से भी समर्थन की अपील
Sandesh Wahak Digital Desk: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उपराष्ट्रपति पद के लिए एनडीए के उम्मीदवार सीपी राधाकृष्णन को पार्टी के सांसदों से मिलवाया है। मंगलवार को हुई एनडीए संसदीय दल की बैठक में प्रधानमंत्री ने सभी सहयोगी दलों और विपक्षी नेताओं से भी राधाकृष्णन का समर्थन करने की अपील की।
सर्वसम्मति से करें समर्थन
केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने बताया कि बैठक में पीएम मोदी ने खुद सीपी राधाकृष्णन का परिचय कराया। एनडीए के सांसदों और फ्लोर लीडर्स ने उनका जोरदार स्वागत किया और उन्हें बधाई दी। रिजिजू ने कहा कि प्रधानमंत्री ने सभी दलों से अपील की है कि वे उपराष्ट्रपति चुनाव में सीपी राधाकृष्णन को सर्वसम्मति से समर्थन दें। उन्होंने खासकर विपक्षी दलों से सहयोग मांगा है। साथ ही, उन्होंने बताया कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी सभी से बात कर रहे हैं ताकि इस पद के लिए सर्वसम्मति बन सके।
सादा जीवन जीने वाले व्यक्ति
रिजिजू ने सीपी राधाकृष्णन की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा, राधाकृष्णन एक बहुत ही अच्छे उम्मीदवार हैं। उनका जीवन पूरी तरह से बेदाग है। उन पर न तो कोई दाग है और न ही कोई भ्रष्टाचार का आरोप। उन्होंने आगे कहा कि राधाकृष्णन ने हमेशा सादा जीवन जिया है और केवल समाज और देश के लिए काम किया है। रिजिजू ने उम्मीद जताई कि अगर ऐसा व्यक्ति देश का उपराष्ट्रपति बनता है, तो यह लोकतंत्र और राज्यसभा के संचालन के लिए बहुत अच्छा होगा।
Also Read: Gorakhpur News: गोरखपुर से अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्कर गिरफ्तार, नेपाल भागने की फिराक में था आरोपी

