Kanpur News: जुएं के विवाद ने लिया खौफनाक रूप, युवक को ईंट-पत्थरों से कूंचकर सड़क पर फेंका
Kanpur News: सीसामऊ थाना क्षेत्र में जुएं के विवाद ने सोमवार को खौफनाक मोड़ ले लिया। द्वारिकापुरी बाजार निवासी सुरेश कुमार का 23 वर्षीय बेटा सागर आरोपियों की बेरहम पिटाई का शिकार हो गया। आरोपियों ने न सिर्फ लाठी-डंडों और रॉड से उसे पीटा, बल्कि ईंट-पत्थरों से कूंचकर घर के पास ही सड़क किनारे फेंक दिया। गंभीर हालत में परिजनों ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।
राखी पर शुरू हुआ विवाद, हत्या के प्रयास तक पहुंचा
पीड़ित की पत्नी अंशिका और मां नीलम ने बताया कि रक्षाबंधन के दिन जुएं को लेकर मोहल्ले के कुछ लोगों से विवाद हुआ था। उसी समय कहासुनी और हाथापाई भी हुई थी। परिवार का आरोप है कि उसी विवाद की रंजिश में सोमवार को आरोपी घर के पास पहुंचे और सागर पर जानलेवा हमला कर दिया।
परिजनों का कहना है कि पुलिस को पहले ही मामले की जानकारी दी गई थी, लेकिन उस समय थाना पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत करा दिया और वीडियो बनाकर बाद में देने के लिए कह दिया। उनका आरोप है कि अगर पुलिस ने समय रहते सख्ती दिखाई होती तो यह घटना टल सकती थी।
वेंटिलेटर पर जिंदगी और मौत से जूझ रहा सागर
हमले के बाद सागर को मरणासन्न हालत में हैलेट अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे गंभीर स्थिति देखते हुए प्राइवेट हॉस्पिटल रेफर कर दिया गया। वर्तमान में वह नमक फैक्टरी चौराहे स्थित एक अस्पताल में वेंटिलेटर पर है। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। थाना प्रभारी का कहना है कि आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी। वहीं, मामले की गंभीरता को देखते हुए उच्चाधिकारियों ने भी रिपोर्ट तलब की है।
इलाके में दहशत
दिनदहाड़े हुए इस हमले से इलाके में दहशत का माहौल है। लोग कह रहे हैं कि जुएं जैसी बुराई अब जानलेवा झगड़ों तक पहुंच चुकी है। स्थानीय लोग प्रशासन से मांग कर रहे हैं कि न केवल आरोपियों को सख्त सजा दी जाए बल्कि जुएं पर रोक लगाने के लिए भी ठोस कदम उठाए जाएं।
Also Read: 3.5 करोड़ नए रोजगार का लक्ष्य, केंद्र सरकार ने लॉन्च की PMVBRY योजना

