मथुरा में केमिकल से भरा टैंकर पलटा, भीषण आग से हड़कंप, दो दमकलकर्मी झुलसे

Mathura News: मथुरा के जयपुर-बरेली नेशनल हाईवे पर बुधवार तड़के एक बड़ा हादसा हो गया, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई। गांव मनोहरपुर के पास एक केमिकल टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया, जिसके बाद उसमें भीषण आग लग गई। इस आग को बुझाने की कोशिश में दो दमकलकर्मी झुलस गए और एक जोरदार धमाके ने हालात को और गंभीर बना दिया।

आग बुझाने में झुलसे दो जांबाज

हादसा सुबह करीब 4 बजे हुआ। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की पांच गाड़ियां और इंडियन ऑयल रिफाइनरी की स्पेशल टीमें मौके पर पहुंचीं। आग की लपटें इतनी भयानक थीं कि उन्हें काबू करना मुश्किल हो रहा था। आग बुझाने के दौरान मांट फायर स्टेशन के ऑफिसर किशन सिंह और फायरमैन शाकिर बुरी तरह झुलस गए। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है।

Mathura tanker accident

दमकल अधिकारियों के अनुसार, टैंकर में चार अलग-अलग टैंक थे, जिनमें से एक में जोरदार विस्फोट हो गया। विस्फोट की आवाज इतनी तेज थी कि कई किलोमीटर दूर तक के गांवों में दहशत फैल गई। बाकी तीन टैंकों में भी धमाके का खतरा बना हुआ है, जिसके कारण बचाव दल बेहद सावधानी से काम कर रहा है।

हादसे के बाद टैंकर का ड्राइवर मौके से फरार हो गया है, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी है। सुरक्षा कारणों से हाईवे के इस हिस्से को पूरी तरह से बंद कर दिया गया है और भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है, ताकि कोई अप्रिय घटना न हो।

Also Read: Lucknow News: लखनऊ में लगा ‘वोट चोरी के विरुद्ध युद्ध’ का पोस्टर, राहुल-अखिलेश को दिखाया गया श्रीकृष्ण के रथ पर

Get real time updates directly on you device, subscribe now.