डोनाल्ड ट्रंप को निक्की हेली की नसीहत, भारत पर टैरिफ लगाना अमेरिका की बड़ी गलती
Sandesh Wahak Digital Desk: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के भारत पर 50% टैरिफ लगाने के फैसले का उन्हीं की पार्टी की वरिष्ठ नेता निक्की हेली ने खुलकर विरोध किया है। दक्षिण कैरोलिना की पूर्व गवर्नर हेली ने एक लेख के जरिए ट्रंप की नीति की आलोचना करते हुए कहा है कि यह कदम ‘प्रतिकूल’ साबित होगा और अमेरिका को ही इसका नुकसान उठाना पड़ेगा।
न्यूजवीक मैगजीन में लिखे अपने लेख में निक्की हेली ने कई तर्क दिए हैं। उनका कहना है कि भारत पर टैरिफ लगाकर उसे कमजोर करने की कोशिश करना एक बहुत बड़ी भूल होगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि भारत का विकास चीन की तरह खतरनाक नहीं, बल्कि सभी के लिए एक अवसर है।
हेली ने लिखा, एशिया में चीन के बढ़ते प्रभुत्व को रोकने में भारत एकमात्र ऐसा देश है जो हमारा साथ दे सकता है। भारत के साथ 25 साल की साझेदारी को रोकना एक रणनीतिक आपदा साबित हो सकती है। उन्होंने अमेरिका को सलाह दी कि भारत के साथ एक स्वतंत्र और लोकतांत्रिक साझेदार की तरह व्यवहार करना चाहिए, न कि चीन जैसे दुश्मन की तरह।
भारत क्यों है अमेरिका के लिए जरूरी
निक्की हेली ने अपने लेख में भारत को अमेरिका के लिए एक महत्वपूर्ण रणनीतिक साझेदार के रूप में पेश किया है।
सप्लाई चेन का विकल्प: उन्होंने कहा कि भारत के पास चीन जैसी उत्पादन क्षमता है और वह अमेरिका के लिए एक विश्वसनीय सप्लाई चेन विकल्प बन सकता है।
सुरक्षा में अहम रोल: हेली ने कहा कि मध्य-पूर्व में सुरक्षा के लिहाज से भारत बेहद अहम है। जैसे-जैसे अमेरिका वहां अपनी सैन्य उपस्थिति कम कर रहा है, भारत की रणनीतिक अहमियत बढ़ती जा रही है, जो चीन के लिए एक चुनौती साबित हो सकता है।
Also Read: Varanasi Crime News: दिनदहाड़े कॉलोनाइजर की गोली मारकर हत्या, CCTV में कैद हुए हमलावर

